Fact Check: क्या चुनाव प्रचार के दौरान तेजस्वी यादव ने बांटे पैसे, जानिए पूरा सच

शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2020 (13:38 IST)
बिहार में विधानसभा चुनाव शुरू हो चुके हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह लोगों को पैसे बांटते नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि ये वीडियो तेजस्वी के चुनाव प्रचार का है और उन्होंने मतदाताओं को लुभाने के लिए पैसे बांटे।

क्या है वायरल-

वीडियो शेयर करते हुए यूजर्स लिख रहे हैं- “चुनाव प्रचार में नोट बांटते हुए तेजस्वी यादव का वीडियो हुआ वायरल”।

चुनाव प्रचार में नोट बांटते हुए तेजस्वी यादव ( बिहार चुनाव) pic.twitter.com/bqvxjsj8Kn

— Akash RSS (@Satynistha) October 29, 2020


यह दावा फेसबुक पर भी काफी शेयर हो रहा है।

क्या है सच-

वेबदुनिया ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो 31 जुलाई 2020 का है, जब तेजस्वी यादव ने पूर्वी चंपारन जिले के बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा किया था। इस दौरान तेजस्वी ने वहां के लोगों की समस्याएं सुनी थीं और उनके बीच पैसे भी बांटे थे।

तेजस्वी ने अपने वेरिफाइड फेसबुक पेज से इस दौरे का लाइव वीडियो भी शेयर किया था। वायरल वीडियो तेजस्वी यादव के इसी 16 मिनट 39 सेकंड के लाइव वीडियो का हिस्सा है, जिसे इस वीडियो के 5वें मिनट के बाद देखा जा सकता है।



बिहार में 28 अक्तूबर को विधानसभा चुनावों के पहले चरण का मतदान हो चुका है। अब 3 नवंबर और 7 नवंबर को मतदान होंगे और चुनाव के नतीजे 10 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। यानि कि बाढ़ पीड़ितों को पैसा बांटते तेजस्वी का ये वीडियो आचार संहिता लागू होने से दो महीने पहले का है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी