नबी के जन्म पर थिरके अकीदतमंद

सोमवार, 6 फ़रवरी 2012 (00:49 IST)
रविवार को ईद मिलादुन्नबी पर शहर में मुस्लिम धर्मावलंबियों ने जोरदार जलसा निकाला। नबी के जन्म की खुशियांॅ सभी मुस्लिमजन के चेहरों पर झलक रही थी। डीजे की धुन पर युवा थिरक रहे थे तो बग्घी में सवार छोटे मियाँजी सरकार व शहर काजी आसिफ उल्लाह समाजजनों को मुबारकबाद देने के साथ ही शहर के गणमान्य लोगों की बधाई भी कबूल रहे थे।


रविवार प्रातः 9 बजे मदारपुरा स्थित मदरसे से ईद मिलादुन्नाबी का जलसा प्रारंभ हुआ। यहाँ जिले भर से बड़ी संख्या में जुटे मुस्लिम धर्मावलंबियों ने नए वस्त्र धारण कर जुलूस में शिरकत की। शहर के प्रमुख मार्गों पर नबी की शान में नारे लग रहे थे। जुलूस जहाँ से भी निकला, वहाँ का पूरा माहौल ही धर्ममय हो गया। शहर के प्रमुख मार्गों से निकले जुलूस का अनेक सामाजिक संगठनों व संस्थाओं ने शीतल पेय व पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।


जगह-जगह स्वागत

मिलादुन्नाबी के जलसे का शहर के अनेक स्थानों पर स्वागत किया गया। किसी समिति ने शीतल पेय पिलाया तो किसी ने फूलों की वर्षा नबी के जलसे पर की। जलसे का स्वागत नयापुरा रोड, नई आबादी, गाँधी चौराहा, घंटाघर, आजाद चौक पर किया गया। इसके साथ ही अनेक चौराहों पर जलसे का स्वागत हुआ। जहाँ-जहाँ से जलसा गुजरा, वहाँ का सारा मार्ग फूलों से पट गया। सुबह से ही पुलिस व प्रशासन की व्यवस्था चाकचौबंद रही। कलेक्टर महेंद्र ज्ञानी व एसपी डॉ. जीके पाठक सारी व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।


गाँधी चौराहे पर कांग्रेस

नेताओं ने किया स्वागत

जलसे के गाँधी चौराहे पहुँचने पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रातड़िया, जिला उपाध्यक्ष महेंद्रसिंह गुर्जर, शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मो. हनीफ शेख ने अतिथियों और शहर काजी आसिफ उल्लाह व छोटे मियाँजी सरकार का स्वागत किया। -निप्र

वेबदुनिया पर पढ़ें