पाँच दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव आज से

गुरुवार, 16 फ़रवरी 2012 (00:55 IST)
आगर-मालवा क्षेत्र के प्रसिद्ध व प्राचीन बैजनाथ महादेव में महाशिवरात्रि का पाँच दिवसीय उत्सव 16 फरवरी को 5 कुंडीय रामचरित मानस यज्ञ के साथ आरंभ होगा। पूर्णाहुति 20 फरवरी को महाशिवरात्रि पर होगी।


रामायण मंडल प्रभारी शिवनारायण गुर्जर लाड़वनवाले ने बताया कि बैजनाथ महादेव मंदिर में 1974 से अखंड रामायण पारायण होता है। इसकी वार्षिक पूर्णाहुति के निमित्त यज्ञ का यह सिलसिला 1975 से चल रहा है। यज्ञ का शुभारंभ गुरुवार को यज्ञाचार्य सुरेश व्यास (चौमा) के मार्गदर्शन में 16 पंडितों द्वारा सुबह 11 बजे होगा। प्रतिदिन सुबह 8 से 12 व दोपहर 2 से 5 बजे तक यज्ञाहुति होगी। महोत्सव के अंतर्गत 14 फरवरी से बाबा बैजनाथ के सम्मुख सभामंडप में पं. कँवरलाल उपाध्याय द्वारा भागवत कथा सुनाई जा रही है।


भजन एवं अनुष्ठान

प्रतिवर्षानुसार मंदिर परिसर में पाँच दिवसीय अखंड भजन-कीर्तन का आयोजन भी 16 फरवरी से शुरू होगा। इसमें कालूसिंह यादव तोलाखेड़ी, हीरालाल यादव बड़ागाँव एवं पन्नाालाल यादव कांकरिया सहित आसपास के गाँवों के प्रसिद्घ भजन गायक शामिल होंगे। इसी के साथ बैजनाथजी का रुद्राभिषेक पाँचों दिन होगा। मंदिर परिक्षेत्र में स्थित हनुमान मंदिर, भैरवनाथ मंदिर, गणपति मंदिर व मंगलनाथ भगवान पर भी मंत्रों का जाप अनुष्ठान होगा। -निप्र

वेबदुनिया पर पढ़ें