धोनी सर्वश्रेष्ठ कप्तान-सचिन

सोमवार, 4 अप्रैल 2011 (16:35 IST)
क्रिकेट की दुनिया के बेताज बादशाह मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर ने सोमवार को कहा कि वह जितने भी कप्तानों के अंडर में खेले हैं उनमें महेन्द्र सिंह धोनी सर्वश्रेष्ठ हैं।

सचिन ने कहा कि मैं जितने भी कप्तानों के अंडर खेला हूँ उनमें निस्संदेह धोनी सर्वश्रेष्ठ हैं। उन्होंने गजब की परिपक्वता दिखाई है। वह परिस्थितियों को समझने में माहिर हैं और उसी हिसाब से अपनी रणनीति बनाते हैं। वह गेंदबाजों, बल्लेबाजों और टीम के सीनियर खिलाड़ियों से अलग-अलग बात करते हैं।

उन्होंने कहा कि धोनी किसी भी परिस्थिति में घबराते नहीं हैं और शांत रहते हैं। यही मानवीय खूबियाँ उन्हें बेहतरीन कप्तान बनाती हैं। वह वास्तव में शानदार कप्तान हैं। धोनी की कप्तानी में ही भारत ने इतिहास रचते हुए 28 वर्ष बाद विश्वकप जीतने का सचिन का सपना पूरा किया।

मीडिया से बातचीत में सचिन बहुत भावुक नजर आए। उन्होंने कहा विश्वकप जीतना मेरा सबसे बड़ा सपना था। जब भारत ने 1983 में विश्वकप जीता था तब मैं दस साल का था। विश्वकप जीतने का मेरा सपना पूरा हो चुका है और वह भी मुंबई में। इससे बेहतर और क्या हो सकता है।

उन्होंने कहा कि विश्वकप जीतने के बाद मैं बहुत भावुक हो गया था। हालाँकि ऐसा कभीकभार ही होता है। ये खुशी के आँसू थे। जब टीम के खिलाड़ियों ने कहा कि उन्होंने मेरे लिए विश्वकप जीता है तो मैं गदगद हो उठा। लेकिन यह सामूहिक प्रयास का नतीजा था।

बल्लेबाजी का लगभग हर रिकॉर्ड अपने नाम रखने वाले सचिन ने कहा हमें अपने आपको यह भरोसा दिलाना था कि हम विश्वकप जीत सकते हैं और हम इसमें सफल रहे। हम सही समय पर अपने प्रदर्शन के चरम पर पहुँचे और यही हमारे लिए अहम रहा। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें