सचिन ने तोड़ा सौरव का रिकॉर्ड

शनिवार, 12 मार्च 2011 (16:30 IST)
FILE
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर एकदिवसीय क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के उड़ाने के मामले में पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को पीछे छोड़कर तीसरे स्थान पर पहुँच गए हैं।

सचिन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विश्वकप मैच में तेज गेंदबाज डेल स्टेन की गेंद पर जबरदस्त पुल करते हुए डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग के ऊपर से छक्का मारा। सचिन का 449वें मैच में यह 191वाँ छक्का था।

मास्टर ब्लास्टर ने इसके साथ ही गांगुली के 190 छक्के मारने के भारतीय रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इस मैच से पहले सचिन और गांगुली एक बराबरी पर थे। सचिन ने इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ इसी टूर्नामेंट के मैच में अपने रिकॉर्ड 47वें शतक के दौरान पाँच छक्के उड़ाकर गांगुली की बराबरी की थी।

गांगुली ने 311 मैचों में 190 छक्के मारे थे। वनडे में सर्वाधिक छक्के मारने का विश्वरिकॉर्ड पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी के नाम है जिन्होंने 316 मैचों में 289 छक्के मारे हैं। श्रीलंका के सनत जयसूर्या 270 छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

वनडे में सर्वाधिक छक्के मारने वाले पाँच खिलाड़ी शाहिद अफरीदी (316 मैच, 289 छक्के), सनथ जयसूर्या (444 मैच, 270 छक्के), सचिन तेंडुलकर (449 मैच, 191 छक्के), सौरव गांगुली (311 मैच, 190 छक्के) क्रिस गेल (226 मैच, 168 छक्के)। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें