जब धोनी ने एक फोटोग्राफर के साथ किया मजाक

शुक्रवार, 27 फ़रवरी 2015 (18:31 IST)
पर्थ। महेंद्र सिंह धोनी इतनी संजीदगी से मजाक करते हैं कि पता लगाना मुश्किल होता है, इसका अनुभव एक फोटो पत्रकार को आज हुआ। भारतीय टीम के अभ्यास सत्र के दौरान बाउंड्री के करीब बेंच पर धोनी पैड पहन रहे थे।

एक सीनियर फोटोग्राफर ने उनसे कहा, 'माही, आप पहले वाले माही नहीं रहे जो 2004-05 में हुआ करते थे। आप उस समय इतने अच्छे पोज देते थे।' धोनी ने कहा कि झूठ मत बोलो। आप मुझे 2004 में जानते भी नहीं थे और पोज देने की बात कर रहे हैं।' फोटोग्राफर ने कहा  'आप क्या बोल रहे हो।
आपकी पहली श्रृंखला के दौरान मैं बांग्लादेश में था।' इस पर धोनी ने उन्हें और कन्फ्यूज करते हुए कहा, 'आपसे किसने कहा कि मैंने बांग्लादेश के खिलाफ पहली श्रृंखला खेली। आपको यह भी नहीं पता।' हकीकत में उन्होंने दिसंबर 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ ही पहली श्रृंखला खेली थी।

इस पर फोटोग्राफर ने कहा, 'क्या फिर आपने जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली थी।' इस पर सभी हंसने लगे और धोनी ने मुस्कुराकर कहा, 'देखा, इसलिये पत्रकारों का कोई भरोसा नहीं ।'(भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें