मार्च 2011 : भूकम्प के बाद

ND
01 : चुनाव आयोग द्वारा प. बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की तारीखें घोषित। विशेष अदालत ने गोधरा ट्रेन कांड (27 फरवरी, 2002) के दोषियों को सजा सुनाई, 11 को मृत्युदंड, 20 को उम्रकैद।

02 : बेंगलुरू में आयरलैंड के केविन ब्रायन ने विश्व कप का सबसे तेज शतक (113) बनाया- इंग्लैंड 3 विकेट से हारा।

03 : सुप्रीम कोर्ट ने केंद्रीय सतर्कता आयुक्त के पद पर पीजे थॉमस की नियुक्ति को गैरकानूनी करार दिया। काले धन की समस्या पर सरकार को फटकार। फिल्म अभिनेता गोगा कपूर (रवीन्द्र कपूर) का निधन।

04 : मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुनसिंह का निधन। प्रधानमंत्री ने सीवीसी के पद पर थॉमस की नियुक्ति की गलती मानी। लीबिया के जाबिया शहर में भीषण संघर्ष में 30 मरे। गद्दाफी के खिलाफ इंटरपोल अलर्ट।

05 : सीटों के बँटवारे पर असहमति पर द्रमुक ने संप्रग सरकार से समर्थन वापस लेने की धमकी दी। खंडवा के सर्जन डॉ. नरेंद्र जैन को नई दिल्ली में 'राष्ट्रीय गौरव' पुरस्कार मिला।

06 : चिन्नास्वामी स्टेडियम में भी भारत ने आयरलैंड को 5 विकेट से हराया। युवराज ने 50 रन (नाबाद) बनाए और 5 विकेट लिए। जाट आरक्षण को लेकर अमरोहा के पास सैकड़ों लोगों ने रेल पटरी पर धरना दिया। स्कूबा डाइविंग करते हुए अर्चना सरदाना ने 30 मीटर की गहराई में समुद्र में राष्ट्रीय ध्वज लहराया। वरुण गाँधी-यामिनी रायचौधरी परिणय सूत्र में बँधे।

07 : सभी मेडिकल कोर्स के लिए सुप्रीम कोर्ट ने एक प्रवेश परीक्षा को हरी झंडी दी। 37 सालों से मुंबई में बेसुध पड़ी नर्स अरुणा शानबाग के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने दयामृत्यु की माँग खारिज की। कहा कि 'पैसिव यूथेंसिया' यानी जीवनरक्षक उपकरण हटाकर मृत्यु दी जा सकती है। कर चोरी के मामले में पुणे के घोड़ा व्यापारी हसन अली हिरासत में।

08 : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि ने आने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस को 63 सीटें देना तय किया।

09 : दिल्ली में वनडे क्रिकेट विश्व कप में भारत नीदरलैंड्‌स को हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुँचा।

10 : दलाई लामा द्वारा तिब्बत की निर्वासित सरकार के प्रमुख का पद छोड़ने की घोषणा। 'फोर्ब्स' पत्रिका द्वारा 2011 के 10 प्रमुख अरबपतियों में मुकेश अंबानी और लक्ष्मी मित्तल भी शरीक।

11 : जापान में प्रशांत महासागर में 8.9 के प्रचंड झटकों के बाद 33 फुट ऊँची सुनामी लहरों ने कहर बरपाया। हजारों के मरने का खतरा। भारत ने धनुष व पृथ्वी-2 का सफल परीक्षण किया। सरकार ने सांसद निधि 2 से बढ़ाकर 5 करोड़ की।

12 : जापान के जलजले में मृतक संख्या 10 हजार होने की आशंका- ट्रेनें, हवाई अड्डे, कारें सब तहस-नहस। फुकुशिमा परमाणु संयंत्र में विस्फोट, विकिरण का संकट। वर्ल्ड कप क्रिकेट में भारत द. अफ्रीका से हारा।

13 : जापान सरकार द्वारा संयंत्र में और विस्फोट की चेतावनी। जापान के प्रधानमंत्री ने दो संयंत्रों से विकिरण होने की घोषणा की। रिक्टर स्केल पर तीव्रता अब 9 बताई गई।

14 : जापान में तीसरे रिएक्टर में भी धमाका, विकिरण का खतरा बढ़ा। प्रधानमंत्री डॉ. सिंह ने भारतीय परमाणु संयंत्रों की जाँच के निर्देश दिए। इंदौर में सर्वश्रेष्ठ 9 नायिकाओं को 'नईदुनिया नायिका अवॉर्ड्‌स-2011' वितरित। पैरीन दाजी को अभय छजलानी ने 'लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड' प्रदान किया।

15 : जापान का परमाणु विकिरण रूस तक पहुँचा, अमेरिका और योरप भी चिंतित। भारतीय पाठक सर्वेक्षण के अनुसार नईदुनिया ने इंदौर में 30 हजार नए पाठक जोड़े। भोपाल के नवदुनिया की पाठक संख्या 67 प्रतिशत बढ़ी। बहरीन में मार्शल लॉ लागू।

16 : जापान में विकिरण बढ़ा। 900 भारतीय स्वदेश लौटे। 2-जी घोटाले के संदिग्ध राजदार सादिक बाशा मृत पाए गए। रिलायंस अध्यक्ष मुकेश अंबानी बैंक ऑव अमेरिका के निदेशक चुने गए। हत्या के आरोपी अमेरिकी नागरिक रेमंड डेविस पाक में 6 करोड़ दंड भरकर रिहा।

17 : विकीलीक्स ने दावा किया कि 2008 में विश्वास मत के दौरान संप्रग-1 ने सांसदों को रिश्वत दी।

18 : विदेशों में काले धन को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को विशेष जाँच दल गठित करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री ने विकीलीक्स के आरोपों को संसद में एक सिरे से खारिज किया।

19 : फ्रांस द्वारा लीबिया पर हमला, कई युद्धक टैंक ध्वस्त। खगोलशास्त्रियों के अनुसार पूर्णिमा का चन्द्रमा (सुपर मून) 14 प्रतिशत अधिक विशाल और 30 प्रतिशत अधिक चमकने वाला था।

20 : अमेरिकी, फ्रांस व इंग्लैंड के लीबिया पर मिसाइल हमलों में गद्दाफी का निवास बुरी तरह क्षतिग्रस्त। पत्रकार आलोक तोमर और अभिनेता बॉब क्रिस्टो का निधन। जापान में पीने के पानी में विकिरण पाया गया।

21 : दिल्ली सहित उत्तरी भारत में कई स्थानों पर भूकम्प के 5.8 तीव्रता के झटके। यमन में जन आंदोलन गहराया। गद्दाफी का एक बेटा खमीज लीबिया पर हवाई हमलों में मारा गया।

22 : वित्तमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रस्तावित टैक्स वापस लिया। हवाला और काले धन की हेराफेरी में गिरफ्तार हसन अली ने महाराष्ट्र के तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों का धन उनके पास होने का खुलासा किया।

23 : ख्यात अभिनेत्री एलिजाबेथ टेलर का निधन। दिल्ली की अदालत ने भोपाल गैस कांड में एंडरसन के प्रत्यर्पण की इजाजत दी। पाकिस्तान वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में पहुँचा।

24 : अहमदाबाद में भारत ने वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। अभिनेत्री तब्बू सहित 16 लोगों को राष्ट्रपति द्वारा पद्‌म पुरस्कार प्रदान।

25 : म्यांमार में 6.8 की तीव्रता के भूकम्प से 75 मृत। आलोचक कमला प्रसाद का निधन। नागपुर में बाबा रामदेव की तरफ एक पुलिस जवान ने जूते फेंके।

26 : छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में भूख से 6 ग्रामीणों की मौत। चुनाव के बाद कनाडा में हार्पर की सरकार गिरी। दंतेवाड़ा जिले में स्वामी अग्निवेश पर दो बार हमला।

27 : भारत के प्रधानमंत्री श्री सिंह का मोहाली में भारत-पाक वर्ल्ड कप क्रिकेट सेमीफाइनल देखने के लिए पाक प्रधानमंत्री गिलानी को न्योता मंजूर।

28 : लीबिया पर हमले की कमान 'नाटो' ने संभाली। दिल्ली में आयोजित एक समारोह में मप्र पर्यटन विकास निगम को 3 पुरस्कार मिले।

29 : फुकुशिमा का विकिरण रिसाव ब्रिटेन, एशिया और अमेरिका तक पहुँचा। इंदौर की सीमा से सटे तीन गाँवों में भीषण आग से 500 बीघा की खड़ी फसल नष्ट।

30 : वर्ल्ड कप क्रिकेट सेमीफाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 29 रनों से हराया। नगर पंचायत को नगर परिषद नाम देने वाला विधेयक मप्र विधानसभा द्वारा पारित।

31 : जनगणना 2011 के आँकड़े जारी- आबादी 121 करोड़। जनसंख्या वृद्धि दर में अब तक की सबसे ज्यादा गिरावट। साक्षरता का प्रतिशत 74.04। प्रति 1000 पुरुष पर 940 महिलाएँ।

5 प्रमुख घटनाएँ
* सुप्रीम कोर्ट ने 'पैसिव यूथेंसिया (जीवनरक्षक साधन हटाकर मृत्यु देने) पर सहमति व्यक्त की। दयामृत्यु की माँग खारिज।

* प्रशांत महासागर में रिक्टर स्केल पर 9 तीव्रता के भूकम्प व सुनामी से जापान का उत्तर-पूर्वी तटीय इलाका तहस-नहस। धरती की धुरी 6 इंच खिसकी।

* जापान में फुकुशिमा रिएक्टरों में विस्फोट से परमाणु विकिरण रूस और अमेरिका तक पहुँचा।
* अमेरिका और अलाईड फोर्सेस के लीबिया पर हमले में वहाँ का एयरफोर्स बेस ध्वस्त।
* जनगणना 2011 के आँकड़े जारी, भारत की आबादी 121 करोड़।

वेबदुनिया पर पढ़ें