लीबियाई विमान दुर्घटनाग्रस्त, 103 मरे

बुधवार, 12 मई 2010 (23:22 IST)
त्रिपोली। लीबिया अफ्रीकिया एयरवेज का विमान त्रिपोली हवाई अड्डे की ओर जाते वक्त बुधवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें एक बच्चे को छोड़कर सभी लोगों की मृत्यु हो गई। विमान में 104 लोग सवार थे।

लीबिया के परिवहन मंत्री ने कहा कि दुर्घटना में केवल दस वर्षीय हॉलैंड का एक किशोर जीवित बचा है। एयरलाइन ने कहा कि एयरबस ए330-200 जोहानसबर्ग से यहाँ आ रहा था। इसमें से 93 यात्री और चालक दल के 11 सदस्य थे। सात अन्य यात्रियों का कुछ अता-पता नहीं है।

परिवहन मंत्री मोहम्मद अली जैदान ने इस दुर्घटना के पीछे किसी आतंकी कार्रवाई से इनकार किया है। लीबिया के सरकारी टेलीविजन ने एक विशाल मैदान में विमान के मलबे को बिखरा दिखाया है। एक फुटेज में सर्जरी के मास्क और दस्ताने पहने पुलिसकर्मियों और बचाव दल के सदस्यों को दिखाया गया है, जो एक शव को लेकर जा रहे हैं। मलबे से उन्होंने छोटी-छोटी कई वस्तुएँ भी एकत्र की जिनमें वैलेट और सेल फोन शामिल है।

टीवी के पर्दे पर मलबे से धुआँ निकलते हुए दिखाया गया है। इसी मलबे में फ्लाइट रिकॉर्डर भी है। टीवी पर प्रसारित दृश्यों में विमान के पिछले हिस्से को दिखाया गया है, जिस पर अफ्रीकिया का चमकीला लोगो बना है। इस पर 9.9.99 अंकित है, जो अफ्रीकी संघ की स्थापना की तारीख है।

जैदान ने कहा कि मलबे से 96 शव बरामद किए जा चुके हैं। लीबिया की आधिकारिक संवाद समिति ने उनके हवाले से कहा कि दुर्घटना में केवल 10 वर्षीय एक बालक जीवित बचा है। वह हॉलैंड का रहने वाला है। उन्होंने बालक की स्थिति के बारे में कुछ अधिक जानकारी नहीं दी। जैदान ने कहा कि बचाव दल के सदस्य और शवों की खोजबीन में जुटे हैं। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें