उद्योगपति जीपी बिड़ला का निधन

गुरुवार, 6 मई 2010 (13:06 IST)
जाने-माने उद्योगपति एवं बिड़ला समूह के दूसरे सबसे बुजुर्ग सदस्य जीपी बिड़ला का शुक्रवार रात यहाँ संक्षिप्त बीमारी के बाद निधन हो गया। वे 86 साल के थे।

जीपी बिड़ला का समूचा कारोबार अब उनके इकलौते पुत्र सीके बिड़ला संभाल रहे हैं। जीपी-सीके बिड़ला समूह की स्थापना उनके दिवंगत पिता बीएम बिड़ला ने की थी।

कंपनी समूह वाहन, बियरिंग, भारी मशीनें, बिजली पारेषण उपकरण, सीमेंट, पंखे, आईटी और उपभोक्ता सामान आदि निर्माण के कारोबार में लगी है। इस समय समूह का सालाना कारोबार 1500 करोड़ रुपए का है। हिन्दुस्तान मोटर्स, ओरियंट इंडस्ट्रीज और बिड़ला टेक्निकल सर्विसेज आदि कंपनियाँ भी इसी समूह की हैं।

राष्ट्रपति ने दुख व्यक्त किया : राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने बिड़ला के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति ने बिड़ला की पत्नी निर्मला बिड़ला को भेजे अपने शोक संदेश में कहा 86 वर्षीय उद्योगपति के निधन से देश ने एक उत्कृष्ट व्यक्तित्व खो दिया है।

प्रतिभा पाटिल ने कहा कि जीपी बिड़ला एक उद्योगपति थे और उन्होंने अनेक उद्योगों और व्यापारिक संस्थानों की स्थापना कर राष्ट्रीय विकास और हजारों लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में सहायता की।

गहलोत ने शोक व्यक्त किया : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बिड़ला के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि बिड़ला को देश में औद्योगिक विकास के साथ सामाजिक एवं आध्यात्मिक सरोकारों तथा शैक्षणिक क्षेत्र में दिए गए योगदान के लिए सदैव याद किया जाएगा। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें