प्यार के नगमे लिख रहे हैं बर्लुस्कोनी

अक्सर प्रेमिकाओं और रंगीन तबीयत की वजह से सुर्खियों में रहने वाले इटली के प्रधानमंत्री बर्लुस्कोनी अब प्यार भरे रोमांटिक गाने लिख रहे हैं। हाल ही में एक हमले में दो दाँत गँवाने वाले बर्लुस्कोनी को इससे सुकून मिल रहा है।

विवादों से घिरे रहने वाले 73 साल के इतालवी प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी इन दिनों कलम थामे हुए हैं। नाक और दाँतों की चोट से उबर रहे बर्लुस्कोनी इटली के शहर मिलान में अपने घर हैं और प्यार भरे नगमे लिख रहे हैं।

इटली के मीडिया के मुताबिक बर्लुस्कोनी मारिआनो एपिसेला के साथ मिलकर गाने लिख रहे हैं। दोनों अपने म्यूजिक एल्बम के लिए 12 गाने तैयार कर रहे हैं। ऐसी खबरें हैं कि आठ गाने तो लिखे भी जा चुके हैं। कुछ गानों के बोल इस तरह हैं- There is love, But if I lose you और Stay with me यह एल्बम अगले कुछ दिनों में बाजार में आ जाएगा।

अक्सर प्रेम संबंधों को लेकर चर्चा में रहने वाले बर्लुस्कोनी बीते महीने उस वक्त सुर्खियों में आए, जब एक व्यक्ति ने किसी नुकीले हथियार से उन पर हमला किया। हमले में इतालवी प्रधानमंत्री की नाक टूट गई और दो दाँत में गिर गए। इसके बाद बर्लुस्कोनी चार रात अस्पताल में रहे।

बीते साल किशोर मॉडलों से दोस्ती, नग्न तस्वीरों और कॉर्लगर्ल्स के साथ पार्टी करने की वजह से भी बर्लुस्कोनी चर्चा में रहे, लेकिन अब माना जा रहा है कि रसिक मिजाज के बर्लुस्कोनी अपनी छवि कुछ बेहतर करना चाहते हैं। गानों के जरिए अपने प्यार के एहसास को लोगों तक पहुँचाना चाहते हैं। इतालवी मीडिया के मुताबिक बर्लुस्कोनी के गानों को लेकर आम लोगों में भी अभी से हलचल बढ़ गई है।

- एजेंसियाँ/ओ सिंह

अन्य आलेख:-
ब्लैकवाटर गार्ड मामले पर उठे सवाल

वेबदुनिया पर पढ़ें