कांग्रेस का साथ देने से इनकार नहीं : सपा

गुरुवार, 7 मई 2009 (14:40 IST)
समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को केन्द्र में सरकार बनाने में कांग्रेस का साथ देने की संभावना से इनकार नहीं किया और कहा कि वह मंत्रिमंडल में शामिल होने के खिलाफ नहीं है।

सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव के गृहनगर सैफई में संवाददाताओं से कहा मैं इस संभावना से इनकार नहीं करता। उनसे पूछा गया था कि क्या चुनाव के बाद वह कांग्रेस के साथ जा सकती है।

यह पूछे जाने पर कि क्या पार्टी ऐसी सरकार में मंत्रिपद ग्रहण करेगी क्योंकि पिछले चुनावों में उसने कांग्रेस की सरकार को केवल बाहर से समर्थन दिया था, उन्होंने कहा अगर सम्मानजनक समझौता होता है तो इसमें कोई बुराई नहीं है।

यादव ने दावा किया कि सपा के उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याणसिंह के साथ गठजोड़ करने से उसके मुस्लिम वोट बैंक में कोई गिरावट नहीं आई है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम पूरे उत्साह से मतदान कर रहे हैं और इस बार भी करेंगे। वे हमारे खिलाफ नहीं हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें