गुजरात में कांग्रेस के कद्दावर नेता का इस्तीफा

सोमवार, 25 फ़रवरी 2013 (18:28 IST)
FILE
गांधीनगर। कांग्रेस को करारा झटका देते हुए उसके कद्दावर नेता विट्ठल रडाडिया और उनके पुत्र जयेश ने सोमवार को विधायक के तौर पर इस्तीफा दे दिया और उनका भाजपा में शामिल होना तय माना जा रहा है।

विट्ठल रडाडिया बंदूक के जोर पर धमकाने के विवाद में कुछ दिन पहले सुर्खियों में आए थे। रडाडिया अपने पुत्र के साथ विधानसभा गए ओर उन्होंने अपने इस्तीफे विधानसभा अध्यक्ष वजू वाला को सौंपे। बाद में वे अहमदाबाद गए, जहां राज्य कांग्रेस का मुख्यालय स्थित है। उन्होंने वहां जाकर पार्टी से अपना इस्तीफा दिया।

पूर्व सांसद रडाडिया सौराष्ट्र से मजबूत लेउवा पटेल समुदाय के हैं। वे उस समय विवादों के घेरे में आ गए थे, जब वडोदरा जिले के करजान में टाल प्लाजा पर उनसे पहचान पत्र दिखाने के लिए कहे जाने पर उन्होंने बंदूक निकालकर धमकाना शुरू कर दिया था।

विधायक के तौर पर अपना इस्तीफा देने के बाद उन्होंने कहा कि मैंने कांग्रेस द्वारा गुजरात राज्य में नकारात्मक राजनीति चलाए जाने के विरोध में अपना इस्तीफा दिया है। कांग्रेस में पक्षपात की संस्कृति है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें