गुलमर्ग में स्विट्जरलैंड के एक नागरिक की मौत

शुक्रवार, 24 जनवरी 2014 (17:37 IST)
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध स्की रिजॉर्ट गुलमर्ग में स्कीइंग के दौरान हिमस्खलन की चपेट में आने से स्विट्जरलैंड के एक नागरिक की मौत हो गई, जबकि उसके 5 साथियों को बचा लिया गया। मृतक की पहचान अर्णो रॉय के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि कांगदूरी और आफरवाथ के बीच शुक्रवार को दोपहर बाद गुलमर्ग पर्यटक रिजॉर्ट में हिमस्खलन हुआ। उस समय स्विट्‍जरलैंड के 6 नागरिक ढलान पर स्कीइंग का लुत्फ उठा रहे थे।

रॉय उन तीन पर्यटकों में शामिल थे, जो बर्फ में फंस गए और बचावकर्मियों को बाद में वह मृत मिले। पुलिस ने बताया कि अन्य पर्यटक बच निकले जिन्हें मामूली चोटें आईं। उन्हें स्थानीय अधिकारियों ने बचा लिया।

पर्यटकों के पसंदीदा स्थल कश्मीर घाटी और गुलमर्ग में इस हफ्ते के शुरू में भारी हिमपात हुआ था। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें