नई दिल्ली। भारत के राशिद खान और श्रीलंका के मिथुन परेरा संयुक्त रूप से शीर्ष पर चल रहे हैं लेकिन ये दोनों जब क्रमश: 7वें और 8वें होल में थे तब लगातार हो रही बारिश के कारण सेल एसबीआई गोल्फ टूर्नामेंट में शुक्रवार को यहां तीसरे दिन का खेल रोकना पड़ा।
गुरुवार को तक शीर्ष पर चल रहे राशिद ने 5वें होल में बर्डी की जबकि परेरा ने पहले, दूसरे और छठे होल में तीन बर्डी की। 3 दिन का खेल जब रोका गया तब दोनों का कुल स्कोर 13 अंडर था। दोपहर को बारिश होने लगी। बारिश लगातार होती रही जिसके बाद खेल रोकना पड़ा।
दो बार के गत चैंपियन अनिर्बान लाहिड़ी ने आठ होल में में चार बर्डी से चार अंडर जबकि सिद्दीकुर रहमान ने सात होल में दो अंडर का स्कोर बनाया। ये दोनों संयुक्त तीसरे स्थान पर चल रहे हैं। (भाषा)