यूपी में शाम 5 बजे तक 57.25 फीसदी मतदान, पंजाब में 63.44% वोटिंग (Live Updates)

रविवार, 20 फ़रवरी 2022 (17:35 IST)
नई दिल्ली। पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर, जबकि उत्तर प्रदेश की 59 सीटों पर आज मतदान हो रहा है। दोनों ही राज्यों में बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। वर्तमान में पंजाब में कांग्रेस की सरकार है, जबकि उत्तर प्रदेश में भाजपा सत्ता में है। मतदान से जुड़ी हर जानकारी...


06:47 PM, 20th Feb
- बठिंडा में वोटर स्लिप की आड़ में कांग्रेस पार्टी का प्रचार करने का आरोप, शिकायत पर एक्शन लेते हुए फ्लाइंग स्कवाड टीम ने कांग्रेस पार्टी की वोटर स्पिल वाली मशीन को अपने कब्जे में लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पुलिस को लिखित शिकायत दी।

- पुलिस ने चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में पंजाबी फिल्मों की अभिनेत्री माही गिल और फिरोजपुर शहरी हलके के भाजपा प्रत्याशी राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी के बेटे अनुमीत सिंह सोढ़ी उर्फ हीरा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

- गुरदासपुर के गांव भोजपुर में रविदास मंदिर के पुजारी थूड़ा राम की रविवार सुबह करीब छह बजे अज्ञात व्यक्ति ने सिर में रॉड मारकर हत्या कर दी। वारदात से नाराज लोगों ने वोटिंग का बहिष्कार कर दिया।

06:44 PM, 20th Feb
सपा पर बरसे मोदी...
यूपी के उन्नाव में पीएम मोदी ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ दिन पहले उत्तर प्रदेश के गरीब, दलित, पिछड़ों को पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने चुनाव में वोट पाने के लिए गाली दी थी, लेकिन यहां की समाजवादी पार्टी ने एक बार भी उनका विरोध नहीं किया।

प्रधानमंत्री मोदी बोले- सपा ने कट्टा और सत्ता को दी खुली छूट...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पिछली समाजवादी पार्टी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि सपा ने अपने शासन के दौरान कट्टा और सत्ता के लोगों को खुली छूट दी थी। पीएम मोदी ने हरदोई में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, हरदोई के लोगों ने वो दिन देखे हैं, जब इन लोगों ने 'कट्टा' और 'सत्ता' का इस्तेमाल करने वालों को खुली छूट दी थी।

अखिलेश यादव बोले- बाबा भी चले जाएंगे अयोध्या...
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में अखिलेश यादव ने हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा नेता अब एबीसीडी सीख रहे हैं, मैं उनसे कहना चाहता हूं, अगर काका (काला कानून) चले गए तो बाबा भी चले जाएंगे। उन्होंने सबकुछ के नाम बदल दिए, अब उन्हें बाबा बुलडोजर नाम दिया गया है।

06:10 PM, 20th Feb
- भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, शाम 5 बजे तक पंजाब में 63.44 फीसदी वोटिंग हुई है। वहीं उत्‍तर प्रदेश में तीसरे चरण में शाम 5 बजे तक 57.25 फीसदी मतदान हुआ है।

- पंजाब में सबसे अधिक मतदान मानसा में हुआ। यहां पर 73.45 फीसदी वोटिंग हुई है। वहीं सबसे कम मोहाली में 53.10 फीसदी मतदान हुआ है।


04:17 PM, 20th Feb
- भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, दोपहर 3 बजे तक पंजाब में 49.81 फीसदी वोटिंग हुई है। वहीं उत्‍तर प्रदेश में तीसरे चरण में दोपहर 3 बजे तक 48.81 फीसदी मतदान हुआ है।

- समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और अखिलेश की पत्‍नी एवं पूर्व सांसद डिंपल यादव ने इटावा जिले के अपने पैतृक गांव सैफई में मतदान किया। मुलायम सिंह यादव व्‍हील चेयर पर मतदान केंद्र पर पहुंचे।

- मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है और कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।


02:30 PM, 20th Feb
योगी बोले- UP में पहले सिर्फ सैफई महोत्सव होता था
उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ ने कहा, UP में पहले सिर्फ सैफई महोत्सव होता था। उस महोत्सव में न रंग था, न राग था और न भाव था, न भाषा। आज उत्तर प्रदेश में महोत्सव का मतलब अयोध्या के दीपोत्सव, मथुरा-वृंदावन के रंगोत्सव, काशी के देव दीपावली और राज्य के स्थापना दिवस से होता है।
 

02:26 PM, 20th Feb
भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, दोपहर 1 बजे तक पंजाब में 34.10% वोटिंग हुई है। वहीं उत्‍तर प्रदेश में तीसरे चरण में दोपहर 1 बजे तक 35.88% मतदान हुआ है।

सोनू सूद का दावा- बहुत सारे बूथ में पैसे बांटे जा रहे
गाड़ी जब्त होने के मामले पर अभिनेता सोनू सूद ने कहा, बहुत से लोग विशेष रूप से अकाली दल के लोग डरा रहे हैं, बहुत सारे बूथ में पैसे बांटे जा रहे हैं। जब चुनाव होते हैं तो पारदर्शी चुनाव होना चाहिए। मैंने SSP साहब को शिकायत की है। हमारी गाड़ी वहां पर है, दूसरी गाड़ी से हम आ गए हैं।

मोगा में सोनू सूद की कार जब्त की गई
पंजाब के मोगा में एक्टर सोनू सूद की कार जब्त कर ली गई है। जिला पीआरओ प्रभदीप सिंह ने कहा, सोनू सूद एक पोलिंग बूथ के अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान उनकी कार जब्त की गई और उन्हें घर भेजा गया। अगर वे घर से बाहर निकलेंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


12:48 PM, 20th Feb
तीसरे चरण में हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, मैनपुरी, फर्रूखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा जिलों में मतदान जारी है।

उत्‍तर प्रदेश में सुबह 11 बजे तक 21.18 फीसदी मतदान हुआ है। सैफई में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव ने मतदान किया। इसी तरह पंजाब में सभी 117 सीटों पर मतदान जारी है, यहां सुबह 11 बजे तक 17.77 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

उत्‍तर प्रदेश में जिलेवार वोट प्रतिशत :
- औरैया जिले में सुबह 11 बजे तक 18.51 प्रतिशत वोटिंग
- एटा में सुबह 11 बजे तक 24.23 फीसदी मतदान
- इटावा में सुबह 11 बजे तक 19.83 प्रतिशत वोटिंग
- फर्रूखाबाद में सुबह 11 बजे तक 19.71 प्रतिशत मतदान
- फिरोजाबाद में सुबह 11 बजे तक 24.30 फीसदी मतदान
- हमीरपुर में सुबह 11 बजे तक 23.30 प्रतिशत वोटिंग
- हाथरस में सुबह 11 बजे तक 22.62 फीसदी मतदान
- जालौन में सुबह 11 बजे तक 21.72 प्रतिशत वोटिंग
- झांसी में सुबह 11 बजे तक 19.17 फीसदी मतदान
- कन्नौज में सुबह 11 बजे तक 21.98 फीसदी वोटिंग
- कानपुर देहात में सुबह 11 बजे तक 19.84 फीसदी मतदान
- कानपुर नगर में सुबह 11 बजे तक 16.87 प्रतिशत मतदान


10:14 AM, 20th Feb
कानपुर की मेयर प्रमिला पांडेय ने निर्वाचन आयोग की गाइड लाइन की धज्जियां उड़ाते हुए मतदान करते समय का फोटो भी शेयर कर दिया।
 
प्रमिला पांडेय ने EVM में वोट देते हुए फोटो की शेयर की है, इस फोटो में मेयर बदन दबाते हुए नजर आ रही है, इन फोटो के माध्यम से साफ दिखाई दे रहा है कि उन्होंने कमल के फूल का बटन दबाया है, यानी भाजपा को उनका मत गया है। कानपुर डीएम के निर्देश पर दर्ज हुई FIR।
ALSO READ: कानपुर मेयर की मतदान करते हुए फोटो वायरल, चुनाव आयोग गाइड लाइन की उड़ी धज्जियां


09:41 AM, 20th Feb
-उत्तरप्रदेश में सुबह 9 बजे तक 8.15 फीसदी मतदान।
-पंजाब में पहले 1 घंटे में 4.8 फीसदी वोटिंग। 
-आप के सीएम उम्मीदवार भगवंत मान ने डाला वोट। लोगों से की मतदान की अपील 
-कांग्रेस नेता सुनील जाखड़ ने फजिल्का में किया मतदान। 
-कांग्रेस नेता और पूर्व हॉकी स्टार परगट सिंह ने जालंधर के मीठापुर में डाला वोट।  
 


08:58 AM, 20th Feb
-यूपी और पंजाब में कई मतदान केंद्रों पर वोटिंग के लिए लगी कतारें। 
-नेताओं में भी दिखा उत्साह, मतदान की अपील के साथ ही कर रहे हैं जीत के दावे। 
-अखिलेश यादव के चाचा और दिग्गज नेता शिवपाल सिंह यादव का दावा, करहल में जब्त होगी एसपी बघेल की जमानत। 
-भाजपा प्रत्याशी एसपी बघेल बोले- अखिलेश को हराऊंगा। 

08:15 AM, 20th Feb
-कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने अपनी पत्‍नी लुईस खुर्शीद के साथ फर्रुखाबाद में मतदान किया।
-यूपी में मुलायम सिंह के भाई अभय राम यादव ने सैफई में डाला वोट। कहा- समाजवादी पार्टी को मिलेगी बड़ी जीत। 

08:07 AM, 20th Feb
-पंजाब की 117 सीटों पर शुरू हुआ मतदान
-सुबह 11.30 पर मोहाली के एक मतदान केंद्र पर डालेंगे वोट।  
-यूपी की 59 सीटों पर भी मतदान जारी। 
-पीएम मोदी ने दोनों राज्यों के मतदाताओं से की मतदान की अपील।

07:46 AM, 20th Feb
-उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए रविवार को सुबह 7 बजे से शुरु हुए मतदान में मतदाताओं से बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेने की अपील की।
-योगी ने ट्वीट कर कहा, 'भयमुक्त, दंगामुक्त, अपराधमुक्त प्रदेश के लिए, राष्ट्रवाद की विजय के लिए, ‘आत्मनिर्भर एवं नए उत्तर प्रदेश’ के निर्माण के लिए और जन-जन के उत्थान के लिए, आप सभी मतदान अवश्य करें। पहले मतदान, फिर जलपान।'

07:29 AM, 20th Feb
-यूपी में तीसरे चरण की 59 सीटों पर सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान। 
-पंजाब में सुबह 8 से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे।
-विधानसभा चुनावों की मतगणना 10 मार्च को होगी।

07:27 AM, 20th Feb
उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण में 2 करोड़ 15 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें एक करोड़ 16 लाख से अधिक पुरुष मतदाता और 99 लाख से ज्यादा महिला मतदाता हैं, जबकि एक हजार से अधिक किन्नर (थर्ड जेंडर) मतदाता शामिल हैं।
 
पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए होने वाले मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और करीब 2.14 करोड़ मतदाता 117 सीटों पर किस्मत आजमा रहे 1,304 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। प्रत्याशियों में 93 महिलाएं भी शामिल हैं।

07:25 AM, 20th Feb
अखिलेश समेत इन नेताओं की किस्मत दांव पर
तीसरे चरण में राज्‍य के 16 जिलों के 59 विधानसभा क्षेत्रों में मैनपुरी जिले की करहल विधानसभा सीट भी शामिल है, जहां सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी से केंद्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल और मुख्‍य विपक्षी समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आमने-सामने हैं।

अखिलेश मैनपुरी जिले के करहल क्षेत्र से पहली बार विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमा रहे हैं। वर्ष 2017 में भाजपा की लहर में भी सपा के सोबरन सिंह यादव ने इस सीट पर अपनी जीत बरकरार रखी थी। अखिलेश के मुकाबले केंद्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल के भाजपा उम्मीदवार के रूप में सामने आने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है। अखिलेश के चाचा शिवपाल सिंह यादव अपनी पारंपरिक जसवंतनगर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

तीसरे चरण में जो 627 उम्मीदवार मैदान में हैं, उनमें राज्‍य सरकार के मंत्री सतीश महाना (महाराजपुर-कानपुर) एवं आबकारी मंत्री राम नरेश अग्निहोत्री (भोगांव-मैनपुरी), पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय (हाथरस - सादाबाद) भाजपा से चुनाव मैदान में हैं, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद फर्रुखाबाद सदर से कांग्रेस की उम्मीदवार हैं।
 
भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) छोड़कर राजनीति में उतरे असीम अरुण भी इसी चरण में कन्नौज के सदर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर अपनी राजनीतिक किस्मत आजमा रहे हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी