कैसा होगा आपका आने वाला साल 2019 : बता रहे हैं पं. प्रेम कुमार शर्मा

मेष राशि वालों के लिए वर्ष 2019 विशेष रहने वाला है। फरवरी से लेकर जुलाई तक व्यावसायिक बदलाव होने के योग बने रहेंगे। डिपार्टमेंट बदल सकता है या नौकरी ही बदलने का विचार बना सकते हैं। संबंधों को प्यार से सहेजने की जरूरत होगी। सालभर सेहत संतोषजनक बनी रहेगी, हालांकि अगस्त के महीने में तबीयत के कुछ खराब रहने के संकेत हैं। अनुशासित जीवनशैली सेहतमंद जीवन की गारंटी है। आर्थिक सुख-समृद्धि बनी रहेगी। अमीर बनने की तीव्र इच्छा है। इस इच्छापूर्ति में अभी कुछ और समय लगेगा। पुश्तैनी जायदाद मिलने की संभावना है। आप खुद भी प्रॉपर्टी खरीदने का विचार बना सकते हैं। छात्रों का उच्च शिक्षा प्राप्त करने का सपना साकार होगा। इस साल आपके सामाजिक संपर्क बच्चों के काम आएंगे। उनकी मदद से आपकी संतान पक्ष की समस्याएं हल हो सकती हैं।
 
शुभ अंक : 4
शुभ रंग : नीला
 
वृषभ
 
वृषभ राशि के जातकों के लिए 2019 सकारात्मक नतीजे लाने के लिए तैयार है। घर-परिवार में किसी का विवाह होने के शुभ योग हैं। 2019 के पूर्वार्ध में मांगलिक कार्यों के आयोजन में व्यस्त रहेंगे। योग व ध्यान में मन रमेगा। अध्यात्म से जुड़कर असीम मानसिक शांति का अनुभव करेंगे। मार्च-अप्रैल के दौरान विदेश भ्रमण की संभावनाएं प्रबल हो रही हैं। अप्रैल से सितंबर के महीने आर्थिक नजरिए से बेहतरीन रहेंगे। धनवर्षा के योग हैं। उपहारस्वरूप कैश मिलने की उम्मीद है। रोमांटिक लाइफ में स्थिरता तो बनी हुई है लेकिन वो बोरिंग भी हो गई है। उदासीन प्रेम संबंध को दिलचस्प बनाने की दिशा में प्रयास करने होंगे। अपनी बुद्धिमता व चतुराई से कार्यक्षेत्र की हर चुनौती का सामना सफलतापूर्वक करेंगे।
 
शुभ अंक : 2
शुभ रंग : ग्रे
 
मिथुन
 
2019 मिथुन राशि वालों के जीवन में निर्णायक भूमिका अदा करने वाला है। यदि नौकरी बदलने का विचार हावी है तो इस साल ये मंशा जरूर पूरी होगी। जुलाई या अगस्त के दौरान बिजनेस के सिलसिले में यात्रा करनी पड़ेगी। यात्रा नए अवसरों के द्वार खोल देगी। आर्थिक स्थिति मजबूत बनी रहेगी। आप रिहायशी या कर्मिशयल प्रॉपर्टी में निवेश करने का विचार बनाएंगे। सेहत के प्रति लापरवाही न बरतें। मामूली लगने वाली बीमारी भी नाक में दम कर सकती है। नवंबर में रोमांस में प्रतिद्वंद्विता का सामना करना पड़ेगा। व्यक्तिगत जीतन में सामंजस्य बना रहेगा, संबंध मजबूत होंगे। आपकी लोकप्रियता में लगातार निखार आता रहेगा। उदारवादी बनें। दूसरों की मदद करने से कोई छोटा नहीं होता और न किसी को घाटा होता है।
 
शुभ अंक : 18
शुभ रंग : सुनहरा भूरा
 
कर्क
 
साल की शुरुआत भाग्यशाली रूप से होगी। व्यावसायिक परिस्थितियां अनुकूल बनेंगी। मल्टी टास्किंग में आपको महारत हासिल है। इस गुण के बल पर अपने लिए आय के नए स्रोत बनाने में कामयाब होंगे। धनवर्षा जैसा तो कुछ नहीं होगा लेकिन साल 2019 के दौरान आपकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ रहेगी और निवेश के जरिए पैसा बचाने में सफल रहेंगे। बड़े-बुजुर्गों की मदद से पारिवारिक जीवन में सामंजस्य बना पाएंगे। फरवरी-मार्च के दौरान काम के सिलसिले में विदेश यात्रा की प्रबल संभावनाएं बनी हुई हैं। जुलाई अगस्त में जीवनसाथी की तलाश पूरी हो सकती है। साल खत्म होते होते बीमारियां छूमंतर हो जाएंगी। अपनी सामाजिक छवि बरकरार रखें, कोई आपका नाम खराब करने की कोशिश कर सकता है।
 
शुभ अंक : 7
शुभ रंग : गुलाबी
 
सिंह
 
सिंह राशि के जातकों के लिए 2019 खुशियों की सौगात लेकर आ रहा है। करियर में स्थिरता लाने के प्रयास सफल होंगे। नौकरी बदलने का विचार दिलोदिमाग से हट सकता है। वर्तमान परिस्थितियों से खुश व संतुष्ट रहना सीख रहे हैं। यात्रा से जुड़े सितारे बुलंदी पर हैं। मई-जून के दौरान ऐसी जगह घूमने जा सकते हैं, जहां पहले कभी नहीं गए। गृहिणियां घर की साज-सज्जा में नयापन लाने के लिए उत्साहित रहेंगी। वर्ष आर्थिक रूप से मजबूत हैं। अक्टूबर के महीने में किसी मुनाफेदार स्कीम में निवेश कर लाभ के भागीदार बनेंगे। छात्रों को प्रतिस्पर्धा में विशेष सफलता मिलेगी। रीयल इस्टेट में किया निवेश सामान्य रहेगा, न नफा होगा और न नुकसान। प्रेम संबंध में खटास न आने दें। अपनी नकारात्मकता पर काबू पाएं। सेहत बनाएंगे तो बनेगी, बिगाड़ेंगे तो बिगड़ेगी, फैसला आपको होगा।
 
शुभ अंक : 9
शुभ रंग : क्रीम
 
कन्या
 
व्यक्तिगत जीवन हो या व्यावसायिक, सफलता कन्या राशि वालों के कदम चूमने के लिए तैयार रहेगी। इस साल आपका दृष्टिकोण व्यापक होगा, समझ का दायरा बढ़ेगा, व्यक्तित्व में निखार आएगा और दिमाग विकसित होगा। साल का आखिर विशेष उपलब्धियोंभरा रहने वाला है। सीनियर पोजीशन पर काम करने वाले अधिकारियों को ऊंचे ओहदे मिल सकते हैं। बिजनेस कर रहे जातक मोटा मुनाफा कमाएंगे, समृद्ध बनेंगे। हर काम में सफलता प्राप्त होना निश्चित है। साल के पूर्वार्द्ध में आपकी छवि में चार चांद लग रहे हैं। रीयल इस्टेट से होने वाले लाभ का एकत्र कर निवेश करेंगे। सालभर चुस्त-दुरुस्त रहेंगे लेकिन जुलाई के महीने में खास सतर्क रहना होगा। रोमांस में रोमांच बना रहेगा। लव बर्ड्स एक-दूसरे के साथ सुखद यादें बनाएंगे।
 
शुभ अंक : 3
शुभ रंग : लेमन
 
तुला
 
तुला राशि वालों के लिए 2019 आशाओं की पिटारी से भरा रहेगा। रीयल इस्टेट विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहने वाला है। दूसरों की भावनाओं को लेकर संवेदनशील बने रहें। मई से अगस्त के महीने पारिवारिक सुख-समृद्धि के लिए बेहतरीन रहेंगे। आर्थिक सुख-समृद्धि का भरपूर आनंद उठाएंगे। व्यावसायिक रूप से मिला-जुला समय रहेगा। सितंबर-अक्टूबर के दौरान कार्यक्षेत्र में अहम का टकराव संभव है जिसके कारण आपकी मानसिक शांति भंग हो सकती है। कारोबारी बिजनेस के विस्तार की योजना बनाएंगे व कोई नया बिजनेस भी शुरू कर सकते हैं। सेहत साथ निभाएगी, खासकर अगस्त-सितंबर के महीने में तंदुरुस्ती लाजवाब रहेगी, हर कोई आपसे आपके स्वस्थता की राज जानना चाहेगा। साल के उत्तरार्द्ध में यात्राओं के योग हैं। महत्वपूर्ण दस्तावेजों को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
 
शुभ अंक : 6
शुभ रंग : हरा
 
वृश्चिक
 
सितारे बुलंद रहेंगे। साल की शुरुआत में ही करियर संबंधित खुशखबरी मिलने के योग हैं। अक्टूबर माह में कार्यक्षेत्र में हर कदम फूंक-फूंककर आगे बढ़ाना होगा। अगस्त-सितंबर में विदेश यात्रा की प्रबल संभावना बनी रहेगी। एक-एक पैसे का हिसाब रखना जरूरी होगा। खर्चे आसमान छूते दिख रहे हैं। धन की स्थिति डांवाडोल होने की कगार पर है। खर्चों पर काबू रखने की कोशिश करें और सिर्फ जरूरी चीजें ही खरीदें। घर की मरम्मत पर मोटा पैसा खर्च होगा। सही खानपान व नियमित कसरत को आपने रूटीन बना लिया है। अप्रैल, जून व सितंबर के महीने रोमांटिक लाइफ के लिए सही नहीं हैं। आप अपने लव पार्टनर से कितना भी झगड़ा क्यों न करें, लेकिन यह न भूलें कि आप एक-दूसरे से कितना प्यार करते हैं।
 
शुभ अंक : 8
शुभ रंग : लैवेंडर
 
धनु
 
2018 में शुरू किए हुए काम पूरे करने का साल होगा 2019। करियर को आगे बढ़ाने के प्रयास साल के उतरार्द्ध में सफल होंगे। बेहतर ओहदे व बेहतर इंकम के साथ नौकरी बदलने की प्रबल संभावना है। अगस्त से अक्टूबर के महीने में प्रॉपर्टी खरीदने के शुभ संकेत मिल रहे हैं। सपने साकार करने के लिए बचत खर्चनी पड़ सकती है। दफ्तर के तनाव को घर न लाएं। इससे आपके परिवार की खुशी खत्म हो सकती है। अच्छा यही है कि परेशानियों का सामना दफ्तर में ही करें और घर पर पारिवारिक जीवन का आनंद लें। परिवार को पहले से कहीं अधिक अपने करीब पाएंगे। अप्रैल-मई के दौरान परिजनों के साथ छुट्टियां मनाने का प्रोग्राम बनेगा। सेहत के प्रति लापरवाही न बरतें। उजड़ते प्रेम के रिश्ते को फिर से बनाने की कोशिश करें, बात बन जाएगी।
 
शुभ अंक : 15
शुभ रंग : केसरिया
 
मकर
 
जीवन का नया चरण शुरू होगा 2019 में। किसी भी काम के लिए मना न करना आपका खास गुण है। इसके चलते करियर में आपको कई तरह के काम करने के अवसर मिलेंगे। लगातार आपकी कार्यक्षमताओं में निखार होता रहेगा। धन संबंधी मामलों में सूझबूझ से फैसले लेंगे, आपका फोकस धन बचाने की ओर ही बना रहेगा। मामूली बीमारियां जो अब तक परेशान कर रही थीं, उनसे छुटकारे का साल है। खेलकूद में खासी दिलचस्पी बढ़ेगी। परिवार हर हाल में आपके साथ खड़ा रहेगा। प्रेम संबंध में दूरियां न बढ़ने दें। एक-दूसरे के साथ अधिकाधिक समय व्यतीत करें। युवा जोड़ों पर परिवार शुरू करने का दबाव बना रह सकता है। अपनी परिस्थिति के हिसाब से ही फैसले लें, दूसरों के दबाव में न आएं। सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लें, नए दोस्त बनाएं, नए संपर्क साधें।
 
शुभ अंक : 17
शुभ रंग : पीला
 
कुंभ
 
जीवन की सभी अटकलें दूर होने का वर्ष है 2019। व्यावसायिक रूप से अधिकारों में वृद्धि होगी। अतिरिक्त योग्यता प्रतिस्पर्धा के दौरान आपको प्रतिद्वंद्वियों से आगे ही रखेगी। आर्थिक सुख-समृद्धि बनी रहेगी। खोई हुई लोकप्रियता को दोबारा पाने में कामयाबी मिलेगी। वजन घटाने के लिए कोई शॉर्ट कट न अपनाएं, नहीं तो लेने के देने पड़ सकते हैं। रक्त से संबंधित विकार उत्पन्न होने की संभावना हो सकती है। नवंबर-दिसंबर के दौरान विदेश जाने का सपना साकार होगा। अप्रैल से सितंबर के बीच घर में नए सदस्य का आगमन होगा। किसी का विवाह हो सकता है या फिर संतान की प्राप्ति हो सकती है। संबंधों को प्यार से सहेजने की जरूरत है। व्यवहार की विनम्रता की असली जेवर है। व्यक्तिगत और गोपनीय जानकारियां उजागर न करें।
 
शुभ अंक : 22
शुभ रंग : सफेद
 
मीन
 
अपनी क्षमताओं को पहचानने व उनका सदुपयोग करने का साल है। बिजनेस में विशेष लाभ के योग बने रहेंगे। बच्चों की उपलब्धियों पर गर्व महसूस करेंगे। पढ़ाई-लिखाई में आपके बच्चे नाम रोशन करेंगे। धन खर्चने से बेहतर है उसे बचा लेना। इस वर्ष धन संचय पर फोकस बना रहेगा। दांपत्य जीवन अच्छा होने से ससुराल पक्ष से सहयोग प्राप्त हो सकता है। इसके साथ-साथ ईष्ट मित्रों के साथ मधुर संबंध हो सकते हैं। सगे-संबंधियों के साथ रिलेशन अच्छे हो सकते हैं। अक्टूबर-नवंबर में विदेश यात्रा संभव है। एक्टिव लाइफस्टाइल अपनाना ही फिटनेस मंत्र रहेगा। लंबे समय से चला आ रहा प्रेम संबंध परिपक्व हो गया है, उसे विवाह में बदलने का विचार पक्का करेंगे। अध्यात्म से जुड़कर मानसिक शांति का अनुभव होगा।
 
शुभ अंक : 1
शुभ रंग : मस्टर्ड
 


मेष

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी