सावधान! शुरू हो गया है नौतपा, जानें क्या होगा असर...

आज 25 मई से गर्मी अपने चरम पर रहेगी, आज से नौतपा या रोहिणी का प्रारंभ हो गया है। जब सूर्य का रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश होता है तब सूर्य की सीधी किरणें धरती पर पड़ती हैं और लगातार तापमान में वृद्धि होती है। इस भीषण गर्मी से ही बारिश के अनुकूल मौसम का निर्माण होता  है। 
 
नौतपा या रोहिणी के शुरू के तीन दिन गर्मी, अगले तीन दिन उमस और आखिरी तीन दिन वर्षा ऋतु के कार्यकाल की रूपरेखा बनाते हैं। रोहिणी नक्षत्र में सूर्य जिस तत्व लग्न में प्रवेश करता है उसके प्रभाव से वर्षा निर्भर करती है। नौतपे के आखिरी तीन दिन वर्षा ऋतु की स्थिति स्पष्ट होगी। ऐसा भी कहा जाता है कि यदि रोहिणी में बरसात होती है तो इसे खंडित माना जाता और इसे वर्षाकाल के लिए नुकसानदायक माना जा सकता है। 
 
ज्योतिष और आयुर्वेद के अनुसार यह समय सूर्य का पापाक्रांत समय होता है। इस दौरान पेट से संबंधी बीमारियों के होने की आशंका अधिक होती है। हल्का भोजन लें और पानी ज्यादा से ज्यादा पीएं। मौसम के हिसाब से होने वाली व्याधियों से बचने की जरूरत है। इस मौसम में सूती कपड़े पहनें, अन्यथा त्वचा संबंधी रोग हो सकते हैं। खाने-पीने पर भी विशेष ध्यान रखें।

 

वेबदुनिया पर पढ़ें