June 2023 मासिक राशिफल: जून महीने में किसे मिलेगी सफलता, किसके घर आएगी खुशियां (पढ़ें Monthly Horoscope)

Monthly Horoscope 2023 
 
जून 2023 का मासिक राशिफल यहां पढ़ें... 

मेष राशि : 
 
जून के महीने में आपकी सेहत में सुधार आना शुरू हो जाएगा। मानसिक तनाव को बिल्कुल भी हावी ना होने दें। प्रतिदिन सुबह की सैर पर जाने की आदत डाल लें। यदि आप थोड़ा परिश्रम करेंगे तो अपने स्वास्थ्य को उत्तम बना पाएंगे और ज्यादा लंबा जीवन आराम से और शांतिपूर्ण ढंग से व्यतीत कर पाएंगे। आपकी स्थिर आमदनी के योग प्रबल हो जाएंगे और आपको अच्छे धन की प्राप्ति शुरू होने लगेगी। आपके पास किसी न किसी रूप में धन की आवाजाही लगी रहेगी और आप आर्थिक तौर पर उन्नत होने लगेंगे। नए देशों में यात्रा भी कर सकते हैं जो व्यापार की वृद्धि के लिए कारगर साबित होगी। स्टार्टअप वाले उद्यमियों के लिए जून से समय बहुत बढ़िया रहेगा और आपका स्टार्टअप उन्नति करेगा।

वृषभ राशि : 
 
जून महीने के आरंभ में गुरुदेव बृहस्पति की कृपा से आपकी सेहत भी बढ़िया रहेगी और संतान पक्ष से भी आपको फायदा होगा। घर में किसी बच्चे का आगमन भी दिखाई दे रहा है। हालांकि विपरीतलिंग के कारण बदनामी का योग दिखाई पड़ रहा है। शुक्र से प्रभावित महिलाओं को सेहत से जुडी समस्या हो सकती है। कुटुंब भाव का मंगल थोड़ा परिवार में विवाद को जन्म दे सकता है। शुक्र ग्रह इस समय नौकरी बदलने में अवश्य सहायक होगा। पत्नी की सेहत बिगड़ सकती है। इसलिए पत्नी का ध्यान रखना होगा। पिताजी की बीमारी इलाज़ के सिलसिले में बाहर की यात्रा हो सकती है। इस समय जो कोर्ट कचहरी से जुड़े मामलों में असफलता हाथ लग सकती है। जो जातक अपनी नौकरी में प्रमोशन या उन्नति की राह देख रहे थे उन्हें खुशखबरी मिल सकती है। गुरु की कृपा से गूढ़ विद्या, तंत्र, मंत्र और साधना में रूचि जाग सकती है और आप सफल भी होंगे। 

मिथुन राशि :  
 
जून का महीना अच्छा व्यतीत होगा। आपको अपने कामों में सफलता मिलेगी और आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा। जून माह की शुरुआत में आपको किसी भी चल या अचल संपत्ति खरीदाने से बचना चाहिए। आप कुछ कंस्ट्रक्शन भी करवा सकते हैं। जून में करियर संबंधी कुछ विशेष अनुकूल परिणाम प्राप्त होंगे। जून से जुलाई के बीच आपको अपनी आर्थिक उन्नति पर पूरा फोकस रखना चाहिए। शत्रुओं से सजग रहना होगा, शत्रु आपके खिलाफ साजिश कर सकते हैं। अटके काम फिर से चालू हो जाएंगे। बिजनेस बढ़ता हुआ दिखेगा। नौकरी में स्थानांतरण आपके मनपसंद स्थान पर होगा जो आपको अत्यधिक प्रसन्नता देगा। धन निवेश के लिए यह समय अत्यंत शुभ है। विवाह जैसे शुभ कार्यों में आपका धन खर्च होगा।

कर्क राशि :  
 
जून के माह में आपको धन संबंधी मामलों में सुकून मिल जाएगा। बुध के प्रभाव से मित्रों का सहयोग प्राप्त होगा और विद्यार्थी वर्ग को प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त होगी। मंगल की दृष्टि से मानसिक तनाव बना हुआ रहेगा लेकिन आप अपनी घूमने फिरने की प्रवृत्ति से खुद को शांत और तरोताजा रखने का प्रयास करेंगे। इस माह परिवार में कोई खुशी का आयोजन हो सकता है। जमापूंजी में इस माह वृद्धि होगी। इस माह से जो तरक्की आप करेंगे वह साल के अंत तक बनी रहेगी। सितारे फेवरेबल होंगे और शनि आपके शुभ कर्मों का अच्छा परिणाम देंगे। क्रोध पर कंट्रोल जरूरी है आपकी ऊर्जा आपको उस मुकाम तक ले जा रही है जहां पहुंचने के आप असली हकदार हैं। किसी अवॉर्ड या पुरस्कार से मन प्रसन्न होगा।

सिंह राशि :  
 
यह महीना खूब थकाने वाला साबित होगा। यात्राओं में खूब व्यय होगा। धर्म में रूचि बढ़ेगी। आर्थिक उन्नति होगी। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं तो सफलता मिलती हुई दिखाई दे रही है। उच्च अधिकारी आपसे प्रसन्न रहेंगे। जीवनसाथी का भी सहयोग मिलेगा लेकिन गलतफहमी का शिकार होने से बचें। छोटी सी बात पर मनमुटाव हो सकता है। रोमांस के सितारे इस माह फीके हैं। ब्रेक लेकर अपने आपको तरोताजा करें। राजनीति में हैं तो इस माह ग्रह गोचर परेशान कर सकते हैं। कारोबार में कमीपेशी दिख रही है। इस माह आपका मन भटक सकता है। एकाग्रता के लिए मेडिटेशन करें। व्यर्थ विवादों में उलझने से बचें। सेहत में धीरे धीरे सुधार होगा। निवेश में सामान्य फायदा दिख रहा है। धन के लिए माह का अंतिम सप्ताह उत्तम है।  

कन्या राशि : 
 
साल 2023 का जून माह अच्छा रहेगा। छात्रों को राहत मिलेगी। धन कमाने के अच्छे मौके मिलने वाले हैं। करियर में आप बढ़िया प्रगति करने वाले हैं। सूर्य का गोचर सरकारी पक्ष से लाभ दिलाने वाला बन रहा है। कार्य स्थल पर आप बढ़िया प्रदर्शन करने में कामयाब होंगे। रोमांस के लिए भी प्यारा समय है। शत्रु परास्त होंगे। आपको हर दिशा से अच्छी खबरें मिलने लगेंगी। कामयाबी का परचम लहराएंगे। लेखन या अनुवाद के क्षेत्र में हैं तो इस माह कोई नया प्रोजेक्ट हाथ में आ सकता है। परिवार में कोई मांगलिक आयोजन होगा। सेहत के प्रति लापरवाही भारी पड़ सकती है। संतान पक्ष के सितारे चिंताजनक हैं। अति उत्साह से बचें वरना अपना नुकसान आप खुद कर बैठेंगे। अपने रहस्य किसी को न बताएं। दोस्ती में दिल टूट सकता है। जिन पर आप भरोसा कर रहे हैं वे रंग बदल सकते हैं।   

तुला राशि :  
 
इस महीने गर्मी जरूर होगी लेकिन आप की जिंदगी में ठंडक और ताजगी बनी रहने वाली है। जून के महीने में आपको करियर संबंधी अच्छे परिणाम मिलने वाले हैं। आर्थिक उन्नति के रास्ते खुलेंगे। वाहन सुख की प्राप्ति हो सकती है। मानसिक रूप से आप मजबूत होते जाएंगे। भावनात्मक रूप से भी आप चीजों को हैंडल करना सीख लेंगे। किसी की ओर आकर्षण पनप रहा है तो वो पक्का प्रेम में बदल सकता है। इस माह विपरीत राजयोग का निर्माण होगा जो विदेश जाने का अवसर दिला सकता है। भूमि, वाहन, धन और घर संबंधी समृद्धि बढ़ेगी। संचार माध्यमों से अच्छी सूचनाएं दस्तक देंगी। इस माह घर में कोई आयोजन हो सकता है। संतान पक्ष से चिंताजनक समाचार मिल सकते हैं। सेहत के सितारे अनुकूल हैं। 

वृश्चिक राशि : 
 
यह महीना भी आपके लिए शानदार है बशर्ते कुछ बातों का ध्यान रखा जाए। संतान की उपलब्धि पर गर्व हो सकता है। पत्नी के साथ बेहतरीन पल गुजार सकते हैं। जून माह में पत्नी और बच्चों के साथ कहीं घूमने जाने का प्लान बना सकते हैं। सूर्य की गति से वर्कप्लेस पर थोड़ी दिक्कत हो सकती है। शुक्र की नीच के मंगल के साथ युति बदनामी दे सकती है अत: संबंधों में अतिरिक्त सतर्कता की सलाह दी जाती है। गुप्त संबधों से यथासंभव बचें। गलत चीजों, इंसानों और आदतों के आकर्षण से बचकर चलें। अगर सावधानी रखी, चरित्र का ध्यान रखा तो यह समय आपके लिए खुशगवार हो सकता है। धन की आवक अच्छी बनी रहेगी। कारोबार में वृद्धि होगी। नए प्रोजेक्ट सफल रहेंगे। दान पुण्य करते रहेंगे तो यह महीना आपके लिए अच्छा सिद्ध होगा। 

धनु राशि : 
 
जून माह में जो विद्यार्थी रिसर्च के लिए विदेश जाना चाह रहे हैं उनके लिए उचित अवसर आएंगे। पिता की सेहत का ध्यान रखें। संतान की गतिविधियों पर नजर रखना जरूरी है। इस माह आपको किसी बढ़िया नौकरी का प्रस्ताव आ सकता है। इस महीने उत्साह बना रहेगा। उपहार मिलेंगे। उन्नति करेंगे। पद, प्रतिष्ठा, प्रगति, प्रशंसा, प्रमोशन, पैसा, परिवार, पार्टी, पिकनिक सबके सितारे चमकदार बने हैं। आपके लिए यह माह बेहतरीन साबित होगा। आप बहुत थक सकते हैं लेकिन इन  खुशियों को समेटने के लिए आपको ऊर्जा का लेवल बनाकर रखना है। इस माह भी आपको स्थायी संपत्ति खरीने के चांस बन रहे हैं। धार्मिक कार्यों पर खर्च के योग भी हैं। घर में किसी भी शादी का व्यय वहन कर सकते हैं। दयालुता आपको खूब आगे ले जाएगी इसलिए अपने स्वभाव से रूखापन दूर करें।   

मकर राशि :  
 
जून का महीना खर्च की सूचना ला रहा है। घर में कोई मांगलिक आयोजन हो सकता है। सूर्य के विपरीत राजयोग के कारण आपको अचानक से कोई उपलब्धि मिलेगी या गुप्त धन की प्राप्ति होगी। सरकार से लाभ मिलने के प्रबल योग दिखाई दे रहे हैं। इस माह पिकनिक-पार्टी का दौर चल सकता है। धन की बचत नहीं हो सकेगी। वाणी में कटुता से बचना होगा। कारोबारियों के लिए अनुकूल समय है। शुक्रदेव के कारण रोमांस के लिए भी अच्छा समय साबित होगा बशर्ते आप अहंकार से बचें। पार्टनर का मन न दुखाएं। इस महीने थोड़ा धैर्य रखिए अगले महीने से बदलाव के अच्छे संकेत मिल रहे हैं। लम्बी दूरी की यात्राओं के योग दिखाई दे रहे हैं। समाज में मान सम्मान प्राप्त होगा। 

कुंभ राशि : 
 
परिवार के लिए शानदार समय है। सबका सहयोग मिलेगा। समाज में स्थिति मजबूत होगी। कुछ समय से चले आ रहे मतभेद अब समाप्त होंगे। यह माह आपके लिए शुभ संदेश, शुभ संकेत, शुभ सूचना, शुभ समाचार लाया है। जिस लक्ष्य को पाने के लिए आप मेहनत कर रहे थे वह अब आपको सहज ही मिल जाएगा। यात्राएं सुखद होंगी। आर्थिक दृष्टि से भी चमकदार महीना है। अकस्मात धन मिलेगा। करियर अच्छे मुकाम पर पंहुचेगा। रोमांस के सितारे भी रंगीन हैं। पार्टनर आपको सरप्राइज दे सकते हैं। सेहत में भी सुधार होगा। किसी मांगलिक आयोजन में भागीदारी रहेगी। घर या वाहन खरीदने का सोच रहे हैं तो यह समय बेहतरीन बना हुआ है। निवेश में भी लाभ दिख रहा है। दान और धर्म से पीछे न हटें यही आपकी राह के अवरोध दूर करते हैं।  

मीन राशि : 
 
जून माह मीन राशि के लिए प्रेम और रोमांस की बहार लेकर के आने वाला है। साथी के साथ रोमांस चरम पर होगा। छात्रों का मन इस समय पढाई में नहीं  लगने वाला है। लेखन-प्रकाशन से जुड़े जातक बेहद अच्छा काम करेंगे और उन्हें सराहना भी मिलेगी। संतान की तरफ से खुशखबरी मिल सकती है। अटका हुआ धन मिलेगा। आय में वृद्धि होगी। धर्म-कर्म में रूचि बढ़ेगी। खिलाड़ियों को कोई अवॉर्ड मिल सकता है। राजनीति में हैं तो कोई खबर निराश कर सकती है। ग्रह गोचर आपको इस माह सलाह दे रहे हैं कि अपनी सोच को बड़ा करें तो आश्चर्यजनक सफलता हासिल होगी। परिवार और मित्रों पर शक व शंका से बचें। माह के अंत में परिवार में तनाव हो सकता है तब कोई पुराना मित्र मददगार सिद्ध होगा। 

Monthly Horoscope 2023
ALSO READ: June 2023 Festival List : जून माह के प्रमुख व्रत, तीज-त्योहार और दिवस

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी