Ayodhya Ram Mandir Inauguration Live: अयोध्या के भव्य मंदिर में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

सोमवार, 22 जनवरी 2024 (12:50 IST)
Ayodhya Ram Mandir Pran Pratishtha: मंदिर नगरी अयोध्या के नवनिर्मित राम मंदिर में प्रभु श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा हो गई और खत्म हो गया सैकड़ों वर्ष का 'वनवास'। भगवान राम के बाल रूप रामलला की मूर्ति के ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह में देशभर से आध्यात्मिक और धार्मिक संप्रदायों के प्रतिनिधि एवं अन्य हस्तियां शामिल हुईं। जानिए प्राण प्रतिष्ठा से जुड़ी पल पल की जानकारी... 

02:27 PM, 22nd Jan
नए कालचक्र का उद्‍गाम : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गर्भगृह में प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि 22 जनवरी, 2024 कैलेंडर की तारीख मात्र नहीं है, यह नए कालचक्र का उद्‍गम है। राम मंदिर का निर्माण सदियों के धैर्य की धरोहर है। हम इस पल को साक्षात देख रहे हैं। लोग आज के पल की हमेशा चर्चा करेंगे। 


02:06 PM, 22nd Jan
भारत का स्व लौटा : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि आज के आनंद का शब्दों में वर्णन नहीं किया जा सकता। रामलला के साथ आज भारत का स्व लौटकर आया है। नया भारत खड़ा होकर रहेगा, इसका प्रतीक आज का कार्यक्रम बन गया है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के बाद त्रासदी से राहत देने वाले भारत का उदय हुआ है। यह कार्यक्रम एक नए भारत का प्रतीक है। 


02:00 PM, 22nd Jan
क्या कहा योगी आदित्यनाथ : प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद यूपी के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि हम त्रेता युग में आ गए हैं। रामलला की छवि अलौकिक है। रामभक्त बहुत ही प्रसन्न हैं। 500 साल के बाद आज मन भावुक है। रामलला की प्रतिष्ठा के लिए 5 शताब्दियां चली गईं। उन्होंने कहा कि बहुसंख्यक समाज ने बहुत लंबी लड़ाई लड़ी। मंदिर वहीं बना जहां के लिए संकल्प लिया गया था। अयोध्या सदियों तक उपेक्षा का शिकार रही है। 

12:45 PM, 22nd Jan
भए प्रकट कृपाला : सैकड़ों वर्षों का इंतजार खत्म हुआ। ... और खत्म हुआ श्रद्धा और आस्था का 'वनवास'। श्रीरामलला की अयोध्या के भव्य और दिव्य मंदिर के गर्भगृह प्राण प्रतिष्ठा हो गई। पूरे देश में उल्लास और उत्साह का माहौल है। प्राण प्रतिष्ठा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अलावा संघ प्रमुख मोहन भागवत, यूपी की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहे। शंख और घंटों की ध्वनि के बीच हुई प्रभु राम की प्राण प्रतिष्ठा। 

12:15 PM, 22nd Jan

पूजा में शामिल हुए मोदी : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंदिर के सिंहद्वार से प्रवेश किया। इसके बाद में पूजा और अनुष्ठान में शामिल हुए। फिलहाल पूजा-अनुष्ठान जारी है। वहां पर संघ प्रमुख मोहन भागवत भी मौजूद हैं। 


11:44 AM, 22nd Jan

मोदी मंदिर परिसर में पहुंचे : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंदिर परिसर में पहुंच गए हैं। वे रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के समारोह में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री के अलावा मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्‍यमंत्री उमा भारती, साध्वी ऋतंभरा, सचिन तेंदुलकर समेत कई दिग्गज हस्तियां मंदिर परसिर में पहुंच चुकी हैं। इस दौरान सोनू निगम, अनुराधा पोंडवाल और शंकर महादेवन ने विशेष प्रस्तुति दी। 

11:40 AM, 22nd Jan
शंकराचार्य ने की मोदी की सराहना : शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि सच्चाई यह है कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने से हिंदुओं का स्वाभिमान जाग गया है। यह छोटी बात नहीं है। हमने कई बार सार्वजनिक रूप से कहा है, हम मोदी विरोधी नहीं बल्कि मोदी के प्रशंसक हैं। उन्होंने का कि मीडिया का एक ही एजेंडा है- हमें मोदी विरोधी साबित करो। मुझे बताओ, जब पीएम ने अपने गृहमंत्री के माध्यम से अनुच्छेद 370 को निरस्त किया, तो क्या हमने इसका स्वागत नहीं किया?

10:46 AM, 22nd Jan
अयोध्या पहुंचे मोदी : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अयोध्या एयरपोर्ट पर पहुंच चुके हैं। मंदिर के कपाट खोल दिए हैं। प्रभु श्रीरामलला के मुख से पट्‍टी हटाने के बाद पीएम मोदी रामलला की आंखों में काजल लगाएंगे। इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत मंदिर परिसर में पहुंच चुके हैं। 
 
-दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपर स्टार चिरंजीवी प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भाग लेने के लिए मंदिर परिसर में पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह बहुत बड़ा अवसर पर है, हम सब बहुत खुश हैं। 

10:21 AM, 22nd Jan
हम सबके लिए बड़ा दिन : अयोध्या पहुंची शटलर साइना नेहवाल ने कहा कि आज हम सभी के लिए बहुत बड़ा दिन है। मैं बहुत सौभाग्यशाली हूं कि मुझे यहां आने का मौका मिला। हम सबको रामजी के दर्शन होंगे। यह बहुत बड़ा दिन। मैं बहुत खुश हूं। 
 
-माधुरी दीक्षित, विक्की कौशल, कैटरीना कैफ, आयुष्मान खुराना, रणबीर कपूर, आलिया भट्‍ट, राजकुमार हिरानी, महावीर जैन, रोहित शेट्‍टी समेत कई फिल्मी हस्तियां अयोध्या के लिए रवाना हो चुकी हैं। 

09:52 AM, 22nd Jan
सीएम योगी अयोध्या पहुंचे : मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंच गए हैं। इससे पहले 21 जनवरी को श्री श्री रविशंकर, संघ प्रमुख मोहन भागवत, साध्वी ऋतंभरा, बजरंग दल के पूर्व अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया समेत अन्य अतिथि अयोध्या पहुंच गए। अतिथियों के अयोध्या पहुंचने का सिलसिला जारी है। 
अयोध्या में जगह-जगह रामलीलाएं : अयोध्या में जगह-जगह रामलीलाएं, भागवत कथाएं, भजन संध्याएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहे हैं। अयोध्या को फूलों से सजाया गया है। रविवार को लाउडस्पीकर पर 'राम धुन' बजाई गई और शहरवासी भगवान राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान के रूप में सजे हुए सड़कों पर निकले और उनके पीछे-पीछे मंत्रमुग्ध भक्त भी शामिल हुए। पुष्पों की सजावट और रोशनी में 'जय श्री राम' का चित्रण करने वाले औपचारिक द्वार शहर की आभा को बढ़ा रहे हैं। प्राण प्रतिष्ठा का जश्न भारत के साथ-साथ 60 अन्य देशों में भी मनाए जाने की तैयारी है। अमेरिका से लेकर फ्रांस और ऑस्ट्रेलिया तक विश्व हिंदू परिषद और हिंदू प्रवासी समूहों द्वारा कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की गई है।

09:51 AM, 22nd Jan
51 इंच की है मूर्ति : मैसूर के अरुण योगीराज द्वारा बनाई गई रामलला की नई 51 इंच की मूर्ति को पिछले बृहस्पतिवार को मंदिर के गर्भगृह में रखा गया था। मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि मंदिर में प्रवेश पूर्व दिशा से और निकास दक्षिण दिशा से होगा। मंदिर तीन मंजिला होगा। मुख्य मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालु पूर्वी दिशा से 32 सीढ़ियां चढ़ेंगे।
 
पारंपरिक नागर शैली में निर्मित मंदिर परिसर 380 फीट लंबा (पूर्व-पश्चिम दिशा), 250 फीट चौड़ा और 161 फीट ऊंचा होगा। मंदिर की प्रत्येक मंजिल 20 फुट ऊंची होगी और इसमें 392 खंभे और 44 द्वार होंगे। राम मंदिर को फूलों और विशेष रोशनी से सजाया गया है और पूरा शहर धार्मिक उत्साह से सराबोर है। 

09:50 AM, 22nd Jan
12:20 पर शुरू होगा समारोह : प्राण प्रतिष्ठा समारोह दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर शुरू होगा और मंदिर निर्माण ट्रस्ट के अनुसार इसके दोपहर एक बजे तक सम्पन्न होने की उम्मीद है। इसके बाद प्रधानमंत्री एक सभा को संबोधित करेंगे। राम मंदिर का निर्माण और प्रबंधन कर रहे श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के एक सदस्य ने बताया, ‘‘प्रधानमंत्री मंदिर निर्माण से जुड़े 'श्रमजीवियों' के साथ भी बातचीत करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी कुबेर टीला भी जाएंगे, जहां एक प्राचीन शिव मंदिर का जीर्णोद्धार किया गया है। वह वहां पूजा करेंगे।

08:56 AM, 22nd Jan

अयोध्या नहीं आ रहे आडवाणी : राम मंदिर के निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता लाल कृष्ण आडवाणी अयोध्या नहीं आ रहे हैं। माना जा रहा है कि अत्यधिक ठंड की वजह से उन्होंने अपनी अयोध्या यात्रा रद्द कर दी है।

- सेना के हेलीकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा
- आरती के समय सभी अतिथियों के हाथ में घंटी रहेगी, जो आरती के समय सभी अतिथि बजाएंगे।
- आरती के समय सेना के हेलीकॉप्टर अयोध्या में पुष्प वर्षा केरेंगे।
- परिसर में 30 कलाकार अलग-अलग भारतीय वाद्यों का वादन करते रहेंगे। 
- एक समय वे सभी एक साथ वादन करेंगे. ये सभी भारतीय वाद्य होंगे।
 
अमेरिका का टाइम्स स्क्वायर भी हुआ राममय : अमेरिका में भारतीय प्रवासियों ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह का जश्न मनाने के लिए टाइम्स स्क्वायर, न्यूयॉर्क को रोशन किया। यहां रामभक्तों की भीड़ देखी गई।

इजराइल ने भारत को हिंदी में दी शुभकामनाएं : इजराइल के भारत में एंबेस्डर नाओर गिलोन ने हिंदी में ट्वीट किया, ‘राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के इस शुभ अवसर पर भारत के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह दुनिया भर के भक्तों के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। मैं अयोध्या में राम मंदिर के जल्द दर्शन के लिए उत्सुक हूं। यकीनन वह मेरे पास मौजूद इस मॉडल से भी अधिक भव्य और सुंदर होगा।

08:26 AM, 22nd Jan

Ram Mandir Pran Pratistha : 121 आचार्य प्राण-प्रतिष्ठा की कराएंगे पूजा
प्राण प्रतिष्ठा समारोह के सभी अनुष्ठानों का समन्वय, समर्थन और मार्गदर्शन 121 आचार्य करेंगे। वाराणसी के गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ सभी प्रक्रियाओं की निगरानी, ​​समन्वय और मार्गदर्शन करेंगे और काशी के लक्ष्मीकांत दीक्षित मुख्य आचार्य होंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आरएसएस सरसंघचालक मोहन भागवत, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।
 
लंदन में भगवान राम की धूम : अयोध्या में राम मंदिर के आयोजन से पहले, ब्रिटेन के लंदन में ब्रह्मर्षि मिशन आश्रम में ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह के रूप में प्रार्थना और उत्सव मनाया गया। भारतीय प्रवासी सदस्यों ने उत्साह व्यक्त किया, दुनिया भर में 250 स्थानों पर उत्सव की योजना बनाई गई। स्लो हिंदू मंदिर और अन्य मंदिरों ने कार्यक्रम, कार रैलियां, आरती और अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया। लंदन की एक कार रैली में 325 से अधिक कारों ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाते हुए भाग लिया।

08:09 AM, 22nd Jan
- PM नरेंद्र मोदी रामलला की आंखों में लगाएंगे काजल, खोले गए मंदिर के कपाट
आज 22 जनवरी को भगवान श्रीराम अयोध्या में विराजमान हो जाएंगे। PM नरेंद्र मोदी रामलला की आंखों में लगाएंगे काजल, मंदिर के कपाट खोले गए। 
 
- 500 वर्षों से अयोध्या में राम मंदिर का इंतजार कर रहे राम भक्तों का इंतजार आज खत्म हो रहा है। सालों तक टेंट में रहे रामलला आज अपने भव्य मंदिर में विराजेंगे। अब से कुछ घंटों बाद पीएम मोदी भव्य राम मंदिर का उद्घाटन करेंगे। साथ ही आज यानी 22 जनवरी को रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा भी होगी। 
 
- प्राण-प्रतिष्ठा से पहले 16 जनवरी से विशेष अनुष्ठान शुरू हुआ था। मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा दोपहर 12:20 बजे शुरू होने वाली है और दोपहर 1 बजे तक समाप्त होने की उम्मीद है। समारोह की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे, जो अपने 11 दिवसीय अनुष्ठान में आज पूरी तरह से उपवास कर रहे हैं। समारोह में पीएम मोदी के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत भी मौजूद रहेंगे।

09:36 AM, 21st Jan
राम मंदिर प्राण प्रतिष्‍ठा के एक दिन पहले रविवार 21 जनवरी को 10 अनुष्‍ठान होंगे। स्थापित देवताओं का दैनिक पूजन, हवन, पारायण, आदि कार्य, प्रातः मध्वाधिवास, मूर्ति का 114 कलशों के विविध औषधीयुक्त जल से स्नपन, महापूजा, उत्सवमूर्ति की प्रासाद‌ परिक्रमा, शय्याधिवास, तत्लन्यास, महान्यास आदिन्यास, शान्तिक-पौष्टिक - अघोर होम, व्याहति होम, रात्रि जागरण, सायं पूजन एवं आरती होगी।
 

07:32 PM, 20th Jan
22 जनवरी को होने वाली प्राण प्रतिष्ठा के मद्देनजर अयोध्या में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। एनएसजी ने भी सुरक्षा के लिए मोर्चा संभाल लिया है। अयोध्या में त्रिस्तरीय सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी