गाय किसकी, डीएनए टेस्ट से फैसला

शुक्रवार, 29 अगस्त 2014 (11:38 IST)
BBC
केरल में एक महिला डीएनए जांच के आधार पर एक गाय के मालिकाने हक को लेकर जारी मुकदमा जीतने वाली हैं। महिला के वकील के मुताबिक शशिलेखा पर उनकी पड़ोसी गीता ने गाय चुराने का आरोप लगाया था।

इस मामले में गाय को अदालत में पेश भी होना पड़ा। अदालत ने गाय को अपने पास रखने के लिए शशिकला से 45 हजार रुपए की जमानत ली।

मानहानि का मामला : इन दो महिलाओं के बीच गाय को लेकर कानूनी लड़ाई पिछले साल शुरू हुई। गीता ने दावा किया कि उनकी 15 गायों में से एक कार्तिका ही उस गाय की मां है, जो शशिलेखा के पास है।

विवाद सुलझता न देख अदालत ने गाय का डीएनए टेस्ट कराने का आदेश दिया। जब रिपोर्ट आई तो दोनों का डीएनए नहीं मिला। इसका मतलब है कि गाय शशिलेखा के पास ही रहेगी।

शशिलेखा के वकील एन चंद्रा बाबू ने कहा कि गाय के डीएनए टेस्ट की रिपोर्ट इसी महीने के शुरू में आई है। अब अदालत अपना अंतिम फैसला सुनाते हुए शशिलेखा को अपनी गाय अपने पास ही रखने का आदेश देगी।

उन्होंने कहा कि वो मुआवजा और अपने मुवक्किल को हुई मानसिक परेशानी के लिए मानहानी का मामला दर्ज कराने की योजना बना रहे हैं।

डीएनए जांच के जरिए किसी पशु का मालिकाना हक तय करने का भारत में शायद यह पहला मामला है।

वेबदुनिया पर पढ़ें