'हम चूहों की तरह जलकर मर जाएंगे'

सोमवार, 29 दिसंबर 2014 (12:39 IST)
इटली के एक समुद्री जहाज में आग लगने के बाद उसमें फंसे 250 लोगों ने धुंए, खासी सर्दी और तेज समुद्री हवाओँ का सामना करते हुए दूसरा दिन बिताया है।
ग्रीस के कोर्फू द्वीप के उत्तर पूर्व में इटली के एक यात्री जहाज में आग लगने के बाद आशंका है कि अब भी 250 से ज्यादा लोग इसमें फंसे हुए हैं। इटली का ये जहाज ग्रीस के कोर्फू द्वीप के उत्तर पूर्व में स्थित है। इसमें कुल 478 लोग सवार थे जिसमें से 200 से अधिक लोगों को एयरलिफ्ट कर बचा लिया गया है।
 
अधिकारियों ने बताया कि जहाज में सवार ग्रीस के एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक घायल हो गया है। तेज समुद्री लहरों और हवा के तेज बहाव की वजह से बचाव कार्य में खासी दिक्कतें आ रही हैं। इटली के प्रधानमंत्री मेटेयो रेंजी ने कहा, 'ये एक लंबी काली रात है।'
 
नॉर्मन एटलांटिक का ये समुद्री जहाज ग्रीस के पटरास से इटली के एनकोना जा रहा था। फेरी के कार डेक में लगी आग धीरे-धीरे पूरे जहाज में फैल गई। घबराए हुए तमाम यात्री फेरी के डेक पर आ गए और मदद के लिए चिल्लाने लगे।
 
इटली सरकार के मुताबिक ये उनके इतिहास के सबसे जटिल बचाव कार्यों में से एक है। ग्रीस सरकार के एक मंत्री ने बताया, 'इस इलाके में कोहरे की वजह से बचाव कार्य में बड़ी तकलीफ पेश आ रही है।'
 
जहाज में मौजूद एक ख़ानसामे की पत्नी ने मीडिया को बताया, 'मेरे पति ने मुझे फ़ोन किया और कहा, हम सब चूहों की तरह जलकर मर जाएंगे। मैं सांस भी नहीं ले पा रहा हूं। भगवान हमें बचाए।'
 
एक और यात्री ने ग्रीक टीवी स्टेशन मेगा को बताया, 'हम सब हिले हुए हैं। पूरे जहाज में धुआं ही धुआं भर गया है। जहाज उबल रहा है। हमारे नीचे सब कुछ जल रहा है। हमें बचाने आई नौकाएं वापस जा चुकी हैं।'
 
रिपोर्टों के मुताबिक समुद्र में मौजूद व्यापारिक जहाज इसके आसपास जमा होकर फेरी को समुद्री लहरों से बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें