उपेंद्र कुशवाह की नाराजगी से NDA में हड़कंप, क्या अमित शाह की एंट्री से बनेगी बात?

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

बुधवार, 15 अक्टूबर 2025 (08:18 IST)
Bihar Elections 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव में सीट शेयरिंग के बाद भी राजग में बवाल मचा हुआ है। जदयू नेता नीतीश कुमार के बाद आरएलएम नेता उपेंद्र कुशवाहा ने भी सीटों के बंटवारे पर नाराजगी जताई है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि एनडीए में सब कुछ ठीक नहीं है। बहरहाल कुशवाहा के बयान पर बवाल मच गया। अमित शाह ने उन्हें बातचीत के लिए दिल्ली बुलाया है।
 
सीट शेयरिंग फॉर्मूले में आरएलएम को मात्र 6 सीट मिलने से कुशवाह खासे नाराज हैं। वे आरएलएम के लिए 24 सीटें चाहते थे। उनकी नाराजगी की एक वजह महुआ सीट लोजपा रामविलास के खाते में जाना भी है। उनकी नाराजगी से एनडीए में हड़कंप मच गया। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, नित्यानंद राय, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई दिग्गज नेता उन्हें माने में जुट गए। 
 
बातचीत विफल होने पर पूर्व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को मामले में हस्तक्षेप करना पड़ा। उन्होंने उपेंद्र कुशवाहा को आज दिल्ली बुलवाया है। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय उन्हें लेकर दिल्ली रवाना भी हो गए। दिल्ली रवाना होने से पहले कुशवाहा ने कहा कि मैं दिल्ली जा रहा हूं, NDA जो भी तय कर रहा है, उस पर चर्चा, बात करने के लिए दिल्ली जा रहा हूं और इसी उम्मीद के साथ जा रहा हूं कि सब ठीक हो जाएगा।
 
मीडिया खबरों के अनुसार, कुशवाहा ने आज आरएलएम नेताओं की बैठक बुलवाई है। इसमें वे पार्टी की आगे की रणनीति तय कर सकते हैं। 
 
गौरतलब है कि एनडीए के सीट शेयरिंग फॉर्मूले के तहत नीतीश कुमार की जेडीयू और भाजपा 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। चिराग पासवान की एलजेपी (रामविलास) को 29 सीटें मिली है। जीतन राम मांझी की हम और उपेंद्र कुशवाह की आरएलएम के खाते में 6-6 सीटें आई है। 
edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी