Bihar Election 2025 : 60 सीटों पर अड़ी कांग्रेस, महागठबंधन में किस बात को लेकर फंसा पेंच, लालू ने संभावित प्रत्याशियों को बांटे सिंबल
बिहार में राजद और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर गतिरोध अभी भी जारी है। इस खींचतान के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तेजस्वी यादव से फोन पर बात की है। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में भी सहमति नहीं बन पाई, क्योंकि कांग्रेस अपनी पसंदीदा सीटों और कुल 60 सीटों पर अड़ी हुई है। अभी तक महागठबंधन में सीट बंटवारे का ऐलान नहीं हुआ है। एनडीए के सीट शेयरिंग के ऐलान के बाद महागठबंधन पर दबाव बढ़ गया है। मीडिया में चर्चा है कि आज सीट शेयरिंग का ऐलान हो सकता है। इस बीच आरजेडी में सीट शेयरिंग से पहले संभावित प्रत्याशियों को सिंबल बंटने लगे हैं।
सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस और आरजेडी की बड़ी बैठक हुई। इसमें तेजस्वी यादव और वेणुगोपाल से मुलाकात की। बैठक में दोनों दलों के बड़े नेता शामिल रहे। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी ने कहा कि कल या परसों तक घोषणा हो जाएगी। कोई नाराजगी नहीं है। गठबंधन बीमार था, मैं नहीं। अब सब ठीक है।
तेजस्वी यादव बोले- महागठबंधन में सब ठीक
राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि हम लोग बिहार जीतने जा रहे हैं, महागठबंधन सरकार बनाने जा रहा है और आगे बिहार की बेरोजगारी जैसी समस्याएं हैं, वह 14 नवंबर से दूर होनी शुरू हो जाएंगी। समझौते या (महागठबंधन के बीच सीट बटवारे को लेकर) ऐलान की बात है तो हम इसकी जल्द से जल्द घोषणा करने जा रहे हैं... आगामी एक से दो दिनों में घोषणा कर दी जाएगी। कोई समस्या नहीं है, सब कुछ ठीक है।
RJD ने संभावित प्रत्याशियों को बांटे सिंबल
मीडिया खबरों के मुताबिक सीट बंटवारे से पहले आरजेडी और कांग्रेस अपने संभावित प्रत्याशियों को पार्टी सिंबल लगे हैं। दिल्ली से पटना लौटे राजद प्रमुख लालू यादव ने 3 प्रत्याशियों को पार्टी सिंबल दिए। इसमें मटिहानी से नरेंद्र सिंह उर्फ बोगो सिंह को राजद ने सिम्बल दे दिया। वे हाल ही में जदयू से राजद में आए हैं। साहेबपुर कमाल से मौजूदा विधायक सत्तानंद सम्बुद्ध उर्फ ललन को सिंबल दिया गया। संदेश से मौजूदा विधायक किरण देवी की जगह दीपू सिंह को पार्टी सिंबल दिया गया। दीपू सिंह मौजूदा विधायक किरण देवी के बेटे हैं।
राघोपुर से नामांकन दाखिल करेंगे तेजस्वी
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव 15 अक्टूबर को नामांकन दाखिल करेंगे। मीडिया खबरों के मुताबिक महागठबंधन के चेहरा तेजस्वी यादव तीसरी बार राघोपुर से चुनाव लड़ रहे हैं। वे 2015 में पहली बार राघोपुर से विधायक बने थे। तेजस्वी उस समय की महागठबंधन सरकार में बतौर उपमुख्यमंत्री सरकार में शामिल हुए थे। इसके बाद 2020 के चुनाव में भी उन्होंने राघोपुर से जीत दर्ज की। तेजस्वी तीसरी बार वैशाली जिले के राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतरने वाले हैं। नामांकन को लेकर पार्टी की ओर से तैयारी की गई है। नामांकन के बाद वे एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इनपुट एजेंसियां Edited by : Sudhir Sharma