केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने रविवार को कहा कि वे बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने राज्य में सरकारी नौकरियों में अधिवास नीति लागू करने का भी समर्थन किया। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने सारण जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह घोषणा की। मीडिया खबरों के मुताबिक चिराग पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी बिहार की 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि हर सीट पर चिराग पासवान खड़ा होगा।
चिराग ने कहा कि मैं बिहार के लोगों, अपने भाइयों, माताओं, अपनी बहनों के लिए चुनाव लड़ूंगा। हम बिहार में एक ऐसी व्यवस्था बनाएंगे, जो सही मायने में राज्य को विकास के पथ पर आगे ले जाएगी। मैं अपने पिता के सपनों को साकार करूंगा और बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट के लिए काम करूंगा। मैं बिहार और उसके लोगों के लिए जिऊंगा और मरूंगा।
उन्होंने राज्य में सरकारी नौकरियों के लिए अधिवास नीति शुरू करने की मांग का भी समर्थन किया। चिराग ऐसी मांग करने वाले बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)के पहले नेता बन गए हैं। राष्ट्रीय जनता दल (राजग) के विधायक और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने वादा किया है कि अगर चुनाव के बाद उनकी पार्टी राजद के नेतृत्व वाले महागठबंधन की सरकार बनती है, तो अधिवास नीति को लागू किया जाएगा। चिराग ने कहा कि बिहार के युवाओं के हित में सरकारी नौकरियों में अधिवास नीति लागू करने का समर्थन करता हूं। नौकरी चाहने वालों की यह लंबे समय से मांग रही है।