बिहार चुनाव : पहले चरण में 178 करोड़पति उम्मीदवार, किसके पास सबसे कम संपत्ति?

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

गुरुवार, 23 अक्टूबर 2025 (12:05 IST)
Bihar Elections 2025:  बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सभी 243 सीटों पर नामांकन भरे जा चुके हैं। उम्मीदवारों के शपथ पत्रों से पता चला है कि पहले चरण की 121 सीटों में से एनडीए ने 92 और महागठबंधन ने 86 करोड़पति उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है। इस तरह पहले चरण में बड़े राजनीतिक दलों ने कुल 178 करोड़पति उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे हैं। हालांकि सबसे गरीब उम्मीदवार के पास मात्र 37 हजार रुपए की चल संपत्ति है।
 
लखपति 64 उम्मीदवारों में 35 इंडिया गठबंधन जबकि 29 एनडीए गठबंधन से जुड़े हैं। शपथ पत्र के मुताबिक, बरबीघा से जदयू के कुमार पुष्पंजय सबसे अमीर हैं। उनके पास कुल 71.57 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति है। आरा विधानसभा सीट से माले प्रत्याशी क्यामुद्दीन अंसारी सबसे गरीब उम्मीदवार हैं। उनके पास मात्र 37 हजार रुपए की चल संपत्ति है।
 
पहले चरण के 5 सबसे अमीर उम्मीदवारों में हाजीपुर से राजद के देव कुमार चौरसिया (67 करोड़ रुपए), बिक्रम से भाजपा के सिद्धार्थ सौरभ (42.87 करोड़ रुपए), बड़हरिया से राजद के अरुण कुमार गुप्ता (40.9 करोड़ रुपए) और मोकामा से जदयू के अनंत सिंह (37.88 करोड़) का नाम शामिल हैं।
 
सबसे गरीब उम्मीदवारों की बात करें हायाघाट से माकपा उम्मीदवार श्याम भारती ने मात्र 39 हजार रुपए हैं। श्याम के पास संपत्ति के नाम पर सिर्फ एक पुरानी बाइक है। उनकी पत्नी के पास 2.36 लाख की चल और 55.63 लाख की अचल संपत्ति है। अगिआंव से भाजपा उम्मीदवार महेश पासवान ने मात्र 55 हजार की कुल संपत्ति बताई है। उनके पास 8 लाख की कृषि योग्य भूमि है।
 
गौरतलब है कि राज्य में 6 नवंबर और 11 नवंबर को 2 चरणों में मतदान होना है। पहले चरण में 121 और दूसरे चरण में 122 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। चुनाव आयोग 14 नवंबर को मतगणना के बाद चुनाव नतीजों की घोषणा करेगा।
edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी