पीएम मोदी छठ पूजा से ठीक पहले बिहार का 4 दिवसीय चुनावी दौरा करेंगे। मोदी 24 अक्टूबर को आ रहे हैं और छठ पूजा 25 से शुरू होगी। इस तरह वे छठ पूजा के पहले 2 दिन बिहार में चुनाव प्रचार करते दिखाई देंगे। वे समस्तीपुर से अपने दौरे की शुरुआत करेंगे। यह दौरा बिहार विधानसभा चुनाव के लिए राजग कार्यकर्ताओं में जोश फूंकने का काम करेगा।
इन दिग्गजों ने शुरू किया प्रचार : राजग ने केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों की पूरी फौज उतार दी है। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अमित शाह एक्शन में नजर आ रहे हैं। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रैलियां शुरू कर दी हैं।
40 स्टार करेंगे भाजपा का प्रचार : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य नेताओं के नाम शामिल हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। 14 नवंबर को चुनाव के नतीजे आएंगे। एनडीए के सीट शेयरिंग के अनुसार, भाजपा और जदयू 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी, जबकि चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) को 29 सीटें और आरएलएम एवं हम को 6-6 सीटें मिली हैं। इसके तहत भाजपा ने सभी 101 सीटों पर उम्मीदवार उतार दिए हैं।