बिहार में अभी चुनाव हुए तो बनेगी किसकी सरकार, क्या कहता है यह सर्वे?

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शनिवार, 30 अगस्त 2025 (11:56 IST)
Bihar assembly elections news : बिहार में अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव होना है। चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग द्वारा कराए गए SIR में करीब 65 लाख वोटर का अवैध मतदाता पाते हुए लिस्ट से नाम हटा दिया गया। इस पर बिहार की सियासत गरमाई हुई है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव इसे बड़ा चुनावी मुद्दा बनाते हुए वोटर अधिकार यात्रा निकाल रहे हैं। इस बीच टाइम्स नाऊ नवभारत और जेवीसी ने एक सर्वे के माध्यम से बिहार की चुनावी तस्वीर साफ करने का प्रयास किया है।
 
सर्वे में लोगों से सवाल किया गया कि अगर अभी बिहार चुनाव हुए तो किस गठबंधन को फायदा होगा? सर्वे में अनुमान जताया गया है कि राज्य में एक बार फिर से एनडीए सरकार की वापसी होगी।
 
सर्वे के अनुसार, अगर अभी चुनाव होते हैं, तो एनडीए को 136 सीटें मिल सकती हैं जबकि महागठबंधन को 75 सीटें मिलेंगी। अन्य को 6 सीटें मिलने का अनुमान है। 26 सीटों पर एनडीए और महागठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला है।
 
सर्वे में कहा गया है कि इस चुनाव में भाजपा 64 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के रूप उभर सकती है। 17 सीटों पर कड़ा मुकाबला हो सकता है। जेडीयू 29 सीटों पर जीत दर्ज कर सकता है। 2 सीटों पर उसे कड़ी टक्कर मिल सकती है। 
 
आरजेडी 37 सीटों पर सीधे जीतती नजर आ रही है। जबकि 15 सीटों पर उसे बढ़त हासिल हो सकती है। वहीं कांग्रेस के 8 सीटों पर जीतने की संभावना है। जबकि 2 सीटों पर वह बढ़त बना सकती है। सीपीआईएमएल भी 7 सीटों पर जीत दर्ज कर सकती है। वहीं 2 सीटों पर वह बढ़त बना सकती है।
 
सर्वे में लोगों से यह सवाल किया गया कि बिहार में जाति जनगणना से किसे फायदा होगा। इस पर 47.1% लोगों ने कहा कि एनडीए को फायदा होगा। जबकि 37.2 फीसदी लोगों का मानना है कि महागठबंधन को फायदा होगा। 15.7 प्रतिशत लोगों ने कहा कि स्थिति वही रहने वाली है।
edited by : Nrapendra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी