बॉलीवुड 2021 में किस एक्टर का क्या रहा हाल, कौन रहा हिट कौन फ्लॉप

समय ताम्रकर

गुरुवार, 30 दिसंबर 2021 (16:02 IST)
Year Ender 2021: 2021 में बहुत ही कम फिल्में रिलीज हुईं। कुछ ओटीटी पर तो कुछ सिनेमाघरों में रिलीज हो पाईं। शाहरुख खान, आमिर खान, रणबीर कपूर, रितिक रोशन, टाइगर श्रॉफ जैसे सितारों की कोई फिल्म रिलीज नहीं हुई। बात करते हैं उन हीरो की जो इस वर्ष नजर आएं। 
 
अक्षय कुमार 
अक्षय कुमार सबसे आगे रहे। वर्ष 2021 की सबसे बड़ी हिट सूर्यवंशी उनके नाम पर रही। 195 करोड़ रुपये का कलेक्शन फिल्म ने किया और अक्की ने अपने स्टारडम को साबित किया। बेलबॉटम को सतही तरीके से सिनेमाघरों में लगाया गया जबकि अतरंगी रे को सीधे ओटीटी पर रिलीज किया गया। बेलबॉटम और सूर्यवंशी में अक्षय का अभिनय चमकीला रहा। 

रणवीर सिंह 
सूर्यवंशी में रणवीर सिंह ने सिम्बा के रूप में छोटे से रोल में ही धमाल मचाया। 83 में उनका अभिनय शानदार रहा। बिलकुल कपिल देव लगे। फिल्म भले ही बॉक्स ऑफिस पर कमजोर रही हो, लेकिन रणवीर का बतौर अभिनेता कद इस फिल्म ने ऊंचा कर दिया। 

अजय देवगन
अजय ने भी सूर्यवंशी में छोटा-सा रोल अदा किया। भुज द प्राइड ऑफ इंडिया अजय ने क्यों बनाई और क्यों उसमें एक्टिंग की, ये सवाल सभी पूछ रहे हैं। बेहद घटिया फिल्म थी। बतौर निर्माता अजय काफी सक्रिय रहे। भुज के अलावा त्रिभंगा, द बिग बुल और वैल्ले जैसी फिल्में भी उन्होंने प्रोड्यूस की। 

सिद्धार्थ मल्होत्रा
पिछले कुछ वर्षों से नीचे की ओर चल रहे सिद्धार्थ मल्होत्रा के करियर में 'शेरशाह' ने उछाल ला दिया। भले ही फिल्म ओटीटी पर रिलीज हुई हो, लेकिन खूब देखी गई और सिद्धार्थ की गाड़ी चल पड़ी। फिल्म प्रोड्यूसर फिर सिद्धार्थ के नाम पर विचार करने लगे। 

सलमान खान
सलमान खान का बिग बॉस फ्लॉप रहा और सांप ने काट लिया सो अलग। राधे को टीवी पर रिलीज करना पड़ा जो देखी तो खूब की गई, लेकिन पसंद नहीं आई। अंतिम में उन्होंने कैरेक्टर रोल अच्छे से निभाया। ओवरआल कुछ खास नहीं रहा 2021 सलमान के लिए। 

जॉन अब्राहम
मुंबई सागा और सत्यमेव जयते 2 बुरी तरह फ्लॉप रही। जॉन भी रंग में नहीं दिखे। बेहतर होगा कि जॉन कुछ अलग करने की कोशिश करें। बतौर निर्माता उनकी मूवी 'सरदार का ग्रैंडसन' भी रिलीज हुई। 

आयुष्मान खुराना
चंडीगढ़ करे आशिकी में जॉन ने पंजाबी मुंडे का रोल क्या खूब अदा किया, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म नरम रही। बहरहाल आयुष्मान के करियर को इससे कोई खास फर्क नहीं पड़ा।  

राजकुमार राव 
राजकुमार राव ने इस वर्ष शादी कर ली इसलिए यह साल उनके लिए यादगार ही रहेगा। रूही, द व्हाइट टाइगर और हम दो हमारे दो में वे नजर आए और उन्होंने इन फिल्मों में अपनी भूमिकाएं शानदार तरीके से अदा की।

मनोज बाजेपयी 
ओटीटी प्लेटफॉर्म पर ही मनोज ज्यादा नजर आए। उनकी वेबसीरिज 'द फैमिली मैन' का सीजन 2 सुपरहिट रहा। खूब देखा और पसंद किया गया। साइलेंस...यू केन हिअर इट और डायल 100 जैसी फिल्में भी उन्होंने ओटीटी के लिए की। 

अभिषेक बच्चन
ओटीटी के कारण अभिषेक बच्चन की भी गाड़ी चल निकली है। द बिग बुल और बॉब बिस्वास नामक फिल्मों में वे नजर आए और बतौर अभिनेता उनकी एक्टिंग में सुधार दिखाई दिया है। 

अर्जुन कपूर
अर्जुन कभी मलाइका से इश्क लड़ाते तो कभी कोरोना से जूझते दिखाई दिए। संदीप और पिंकी फरार भले ही फ्लॉप रही हो, अर्जुन की एक्टिंग अच्छी थी। सरदार का ग्रैंडसन और भूत पुलिस भी देखने लायक रहीं। कुल मिलाकर अर्जुन की ये फिल्में उनकी पुरानी फिल्मों से बेहतर रही। 

सैफ अली खान 
तांडव नामक वेबसीरिज सैफ अली खान ने की जो पसंद की गई। भूत पुलिस को भी अच्छे दर्शक मिले। सिनेमाघर में रिलीज बंटी और बबली 2 बुरी तरह फ्लॉप रही। कुल मिलाकर व्यवसाय की दृष्टि से सैफ अब अनसेफ हो गए हैं।

विक्की कौशल 
कैटरीना से 2021 में शादी करने वाले विक्की कौशल की ओटीटी पर 'सरदार उधम' रिलीज हुई और विक्की ने अपनी एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीत लिया।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी