2017 के प्रमुख त्योहारों पर ये फिल्में होंगी रिलीज

2017 के प्रमुख त्योहार और छुट्टियां बड़ी फिल्म निर्माताओं ने बुक कर ली है। 
 
वर्ष की शुरुआत गणतंत्र दिवस से होगी। इस दिन दो फिल्में रिलीज होंगी। शाहरुख खान की 'रईस' और रितिक रोशन की 'काबिल'। ये 2017 की सबसे बड़ी टक्कर है। शाहरुख और रितिक, दोनों की गिनती बॉलीवुड के टॉप फाइव स्टार्स में होती है और ये दोनों बॉक्स ऑफिस पर टकराएंगे। 
 
वैलेंटाइन डे वाले सप्ताह में 10 फरवरी को अक्षय कुमार की 'जॉली एलएलबी 2' प्रदर्शित होगी। होली पर वरुण धवन धमाल मचाएंगे। 10 मार्च को उनकी फिल्म 'बद्रीनाथ की दुल्हनिया' रिलीज होगी। 


 
राम नवमी वाले सप्ताह में 31 मार्च को 'नाम शबाना' है रिलीज होगी। गुड फ्राइडे वाले वीक में 14 अप्रैल 'फास्ट एंड फ्यूरियस 8' का प्रदर्शन होगा। 
 
ईद पर सलमान खान किसी को अवसर नहीं देते। इस वर्ष जून में ईद आएगी और इस मौके पर अपने चाहने वालों को सलमान 'ट्यूबलाइट' का तोहफा देंगे। 
 
रक्षाबंधन पर अनीस बज्मी अपनी कॉमेडी फिल्म लाएंगे। 28 जुलाई को उनकी फिल्म 'मुबारकां' प्रदर्शित होगी जिसमें अर्जुन कपूर और अनिल कपूर चाचा-भतीजा के रूप में दिखाई देंगे। 
 
स्वतंत्रता दिवस पर नीरज पांडे अपनी फिल्म प्रदर्शित करने लगे हैं। अक्षय कुमार अभिनीत 'क्रैक' प्रदर्शित होगी। हालांकि इस फिल्म की शूटिंग अब तक शुरू नहीं हुई है जिसके कारण फिल्म की रिलीज पर संदेह व्यक्त किया जा रहा है। इसी सप्ताह इम्तियाज अली की फिल्म भी रिलीज होगी जिसमें शाहरुख खान लीड रोल में हैं। यानी शाहरुख-अक्षय की टक्कर। 
 
होली के अलावा दशहरे पर भी वरुण धवन की फिल्म प्रदर्शित होगी। उनके डैड डेविड धवन 'जुड़वां' का दूसरा भाग बना रहे हैं जिसमें वरुण दोहरी भूमिका में जैकलीन फर्नांडिस और तापसी पन्नू के साथ आंख लड़ाते दिखाई देंगे। 
 
दिवाली पर रजनीकांत और अक्षय कुमार '2.0' का धमाका होगा। इस 'बम' की कीमत 360 करोड़ रुपये है। इसी दिन रोहित शेट्टी 'गोलमाल 4' भी ला रहे हैं, लेकिन अब वे नई रिलीज डेट खोज रहे हैं। उन्हें डर है कि '2.0' के सामने 'गोलमाल 4' फुस्सी बम न साबित हो जाए। 
 
क्रिसमय यूं तो आमिर खान का है, लेकिन उनके हाथ में कोई फिल्म नहीं है। मैदान खाली देख सलमान 'टाइगर जिंदा है' के जरिये क्रिसमस पर आ रहे हैं। 
 
कुछ ऐसी फिल्में भी हैं जिन्हें त्योहार और छुट्टियों का सहारा नहीं है। सरकार 3 (17 मार्च), जग्गा जासूस (7 अप्रैल), बाहुबली 2 (28 अप्रैल), बादशाहो (12 मई), हाफ गर्लफ्रेंड (19 मई), टॉयलेट एक प्रेम कथा (2 जून) को रिलीज होंगी। 
 
कुल मिलाकर सलमान, शाहरुख, अजय देवगन की दो-दो फिल्में प्रदर्शित होंगी। अक्षय कुमार की चार और रितिक रोशन की एक फिल्म 2017 में देखने को मिलेगी। 

वेबदुनिया पर पढ़ें