अजय और रणवीर के बाद रोहित शेट्टी की फिल्म में पुलिसवाला बनेगा यह हीरो!

बॉलीवुड डायरेक्टर रोहित शेट्टी इन दिनों अपनी फिल्म सिम्बा के प्रमोशन में बिजी है। इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ-साथ अजय देवगन भी धांसू अवतार में नजर आने वाले हैं। हाल ही में रोहित शेट्टी ने सिम्बा के प्रमोशन के दौरान अक्षय कुमार के साथ काम करने की इच्छा जाहिर की थी।
 
बीते काफी दिनों से खबरें आ रही थीं कि सिंबा के बाद रोहित शेट्टी अक्षय कुमार के साथ मसालेदार एंटरटेनर फिल्म बनाने वाले हैं। इस बारे में जब रोहित शेट्टी से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि हमारे दिमाग में एक आइडिया है और मैं अक्षय के साथ काम करना चाहता हूं। हम दोनों के बीच कई आइडियाज को लेकर मीटिंग भी हुई है। मैं मानता हूं कि अक्षय कुमार और मेरा कॉम्बिनेशन कमाल होगा।
 
अक्षय और रोहित साथ काम करेंगे, तब से कई सवाल भी उठ रहे हैं, जैसे फिल्म का विषय क्या होगा। अक्षय रोहित की फिल्म में किस अवतार में नजर आएंगे। अब खबर है कि रोहित शेट्टी खिलाड़ी कुमार को लेकर एक पुलिस वाले की कहानी सामने लाएंगे। 
 
सिंघम सीरीज में अजय देवगन और सिम्बा में रणवीर सिंह को पुलिसवाला बनाने के बाद अब रोहित बॉलीवुड में एक और पुलिस अफसर लेकर आने वाले हैं। अक्षय पहले भी कई फिल्मों में पुलिस वाले का रोल निभा चुके हैं। 
 
अक्षय कुमार के पास इस समय कई फिल्मों की लाइन लगी हुई है। उनकी फिल्म हाउसफुल 4 और केसरी की शूटिंग पूरी हो चुकी हैं। इन दिनों अक्षय 'मिशन मंगल' की शूटिंग में बिजी हैं। वहीं रोहित शेट्टी की रणवीर सिंह और सारा अली खान स्टारर फिल्म सिम्बा 20 दिसंबर को रिलीज हो रही है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी