अब इस खास दिन के तौर पर फैंस याद रखेंगे सुशांत सिंह राजपूत का जन्मदिन, अमेरिका की लूना सोसायटी ने लिया फैसला

गुरुवार, 10 मार्च 2022 (13:48 IST)
बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के अचानक निधन से हर कोई हैरान रह गया था। सुशांत 14 जून 2020 को मुंबई स्थित अपने फ्लैट में मृत पाए गए थे। फैंस आज भी अपने फेवरेट एक्टर को याद कर अक्सर सोशल मीडिया पर इमोशनल हो जाते हैं।

 
सुशांत सिंह राजपूत को एक्टिंग के अलावा साइंस में भी काफी रुचि थी। अंतरिक्ष से जुड़ी जानकारियां हासिल करना उन्हें काफी पसंद था। वहीं अब अमेरिका में अंतरिक्ष संस्थान लूना सोसाइटी इंटरनेशनल ने सुशांत के जन्मदिन को खास अंदाज में याद रखने का फैसला किया है।
 
लूना सोसायटी ने सुशांत सिंह राजपूत के जन्मदिन 21 जनवरी को 'सुशांत मून डे' के रूप में मनाने का फैसला लिया है। इस बात की घोषणा लूना सोसायटी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर की है। 
 
सुशांत सिंह राजपूत का अगले साल 37वां जन्मदिन होगा। ऐसे में लूना सोसायटी इंटरनेशनल ने कहा है कि अगले साल 21 जनवरी को 'सुशांत मून डे' मानया जाएगा। दिलचस्प बात यह है कि अगले साल, सुशांत की जयंती एक अनोखे दिन आ रही है। यह वह समय है जब लूना पूरे वर्ष के दौरान पृथ्वी से सबसे निकटतम दूरी पर होता है। लूना सोसायटी इंटरनेशनल ने यह भी कहा कि 'सुशांत मून' एक वार्षिक घटना बन सकता है।
 
दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के फैंस के लिए यह एक बढ़ा तोहफा है। सुशांत की एक्टिंग के साथ अंतरिक्ष की चीजों को लेकर भी काफी दिलचस्पी थी। वह अपने साथ एक टेलीस्कोप भी रखते थे और अक्सर अंतरिक्ष से जुड़ी चीजों को देखते रहते थे।
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी