ऐश्वर्या के साथ 18 वर्षों बाद काम करने को लेकर यह कहा अनिल कपूर ने

'चमेली की शादी' से लेकर 'मुबारकां' तक एक्टर अनिल कपूर का बॉलीवुड में परचम एक अलग ही लेवल का है। इस उम्र में आने के बाद भी उनके पास फिल्मों की कोई कमी नहीं है। वे इस वर्ष करीब चार फिल्मों में नज़र आने वाले हैं। उनके पास फिल्मों की लाइन लगी है। 
 
पहले तो वे अपने दोस्त सलमान के साथ 'रेस 3' में नज़र आने वाले हैं। खास बात यह है कि 'रेस 3' में कलाकार, निर्देशक सभी नए हैं सिवाए अनिल कपूर के। इसके अलावा उनकी एक और फिल्म रिलीज़ होने वाली है 'फन्ने खां'। फिल्म में अनिल कपूर के साथ ऐश्वर्या राय बच्चन भी हैं। इस फिल्म में अनिल और ऐश्वर्या करीब 18 वर्ष बाद साथ काम कर रहे हैं। 
 
इसे लेकर अनिल ने अपनी उत्सुकता बताते हुए कहा कि मैं ऐश्वर्या के बिना 'फन्ने खां' नहीं देख पा रहा। मैंने उनके साथ पहले 'ताल' और 'हमारा दिल आपके पास है' जैसी फिल्में की हैं। दोनों ही सफल रही और उनकी बहुत सराहना की गई। हालांकि 'फन्ने खां' में वे मेरे साथ जोड़ी नहीं बना रहीं लेकिन वे फिल्म के लिए अहम किरदार हैं। 

 
फिल्म फन्ने खां में अनिल कपूर और ऐश्वर्या राय बच्चन के अलावा राजकुमार राव भी हैं, जो ऐश्वर्या के साथ रोमांस करते नज़र आएंगे। यह दूसरी बार होगा जब ऐश्वर्या अपनी से छोटी उम्र के हीरो के साथ रोमांस करती नज़र आएंगी। फिल्म में वे एक ग्लैमरस सिंगर के तौर पर नज़र आने वाली हैं। वहीं अनिल कपूर 'फन्ने खां' के अलावा रेस 3, एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा और टोटल धमाल में नज़र आएंगे। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी