इस बार हैंडपंप नहीं, बैलगाड़ी का पहिया उखाड़ेंगे सनी देओल, 'गदर 2' से फर्स्ट लुक आया सामने

WD Entertainment Desk

बुधवार, 4 जनवरी 2023 (17:49 IST)
साल 2001 में रिलीज हुई फिल्म 'गदर : एक प्रेम कथा' ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया था। इस फिल्म में सनी देओल और अमीषा पटेल की जोड़ी नजर आई थी। अब इस फिल्म का दूसरा पार्ट बनने जा रहा है। 'गदर 2' इसी साल पर्दे पर रिलीज होने वाली है। 

 
हाल ही में 'गदर 2' से सनी देओल का फर्स्ट लुक सामने आ गया है। जहां 'गदर' में सनी देओल ने अपने हाथों से हैंडपंप उखाड़ दिया था वहीं इस बार वह बैलगाड़ी का पहिया उखाड़ने वाले हैं। 
 
जी स्टूडियो ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें इस साल रिलीज होने वाली उनके प्रोडक्शन हाउस की फिल्मों की झलक दिखाई गई है। वीडियो में अजय देवगन की मैदान, सलमान खान की 'किसी का भाई किसी की जान, सोनू सूद की फतेह, नवाजुद्दीन सिद्दीकी की हड्डी और सनी देओल की गदर 2 की झलक दिख रही है।
 
वीडियो में सनी देओल तारा सिंह के दमदार लुक में नजर आ रहे हैं। वह हाथों में भारी भरकम बैलगाड़ी का पहिया उठाते नजर आ रहे हैं। उनके चेहरे पर गुस्सा झलक रहा है। सोशल मीडिया पर सनी देओल का लुक वायरल हो गया है। 
 
फिल्म 'गदर 2' का निर्देशन अनिल शर्मा कर रहे हैं। इस फिल्म में सनी देओल और अमीषा पटेल के साथ उत्कर्ष शर्मा और लव सिन्हा नजर आने वाले हैं। फिल्म की कहानी तारा सिंह और उनकी पत्नी सकीना के इर्द-गिर्द घूमेगी। 
Edited By : Ankit Piplodiya

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी