बात ज्यादा पुरानी नहीं है जब हनी सिंह के गाए गीतों ने धूम मचा दी थी। पब से लेकर तो कारों तक चारों ओर हनी सिंह के गीत सुनाई देते थे। उनके गाए गानों की आलोचना भी हुई, लेकिन हनी सिंह युवाओं के पसंदीदा गायक बन गए।
हनी सिंह और सलमान को लेकर भी एक किस्सा सुनने में आया कि एक पार्टी में दोनों अनबन हो गई। सुपरस्टार्स से पंगा लेना हनी सिंह को भारी पड़ा। खैर, इन किस्सों की कभी पुष्टि नहीं हुई इसलिए इन पर विश्वास कम ही हुआ, लेकिन ये बात पक्की थी कि हनी सिंह को कुछ न कुछ तो हुआ है।
इसका खुलासा हनी सिंह के दोस्त और सिंगर जसबीर जस्सी ने किया। एक अखबार से बात करते हुए जसबीर ने बताया कि वे चंडीगढ़ स्थित रीहैब सेंटर में हनी सिंह से मिले थे। उसकी हालत देख उन्हें बहुत दु:ख हुआ। अजीब-सा हो गया है हनी सिंह। स्टेरॉइड्स वगैरह के कारण बीमार हो गया। अच्छी बात यह है कि उसकी हालत में सुधार हो रहा है।