ई-मेल विवाद : रितिक रोशन इस दिन क्राइम ब्रांच में अपना बयान कराएंगे दर्ज, कंगना बोलीं- दुनिया कहां से कहां पहुंच गई...

शुक्रवार, 26 फ़रवरी 2021 (18:01 IST)
बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौट और रितिक रोशन के बीच हुआ विवाद काफी चर्चित रहा है। इन दोनों के बीच अफेयर को लेकर हुआ विवाद क्राइम ब्रांच तक पहुंच चुका है। कंगना के खिलाफ 2016 में रितिक ने एफआईआर दर्ज करवाई थी। 

 
अब इसी मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने रितिक को शनिवार (27 फरवरी) को मुंबई में अपना बयान दर्ज कराने के लिए कहा है। खबरों के मुताबिक, मुंबई क्राइम ब्रांच की क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट (CIU) ने रितिक को शनिवार को सुबह 11 बजे उनके सामने पेश होने के लिए बुलाया है।
 
2016 में रितिक द्वारा कंगना के खिलाफ दर्ज कराए गए मामले में अपना बयान दर्ज कराने के लिए ऋतिक को उपस्थित होने के लिए कहा गया है। जांच एजेंसी फिलहाल कंगना और रितिक के इस मामले की जांच कर रही है।
 
 
वहीं इस मामले पर कंगना का ट्वीट भी सामने आया है। कंगना ने रितिक रोशन की खबर को टैग करते हुए लिखा कि 'दुनिया कहां से कहां पहुंच गई मगर मेरा बेवकूफ पूर्व बॉयफ्रेंड अभी भी वहीं है, उसी मोड़ पे, जहां ये वक्त दोबारा लौट के नहीं जाने वाला।'
 
यह विवाद तब शुरू हुआ, जब कंगना ने एक इंटरव्यू में रितिक का नाम लिए बिना उन्हें 'सिली एक्स' कह दिया था। कंगना ने दावा किया था कि वह रितिक के साथ रिलेशनशिप में थीं। रितिक ने यह आरोप लगाया था कि कंगना ने उन्हें कई ईमेल भेजे थे। रितिक के इस दावे को कंगना ने खारिज कर दिया था।
 
इन आरोपों पर कंगना ने कहा था कि कोई फ्रॉड उनके नाम से रितिक को ईमेल कर रहा था। रितिक ने आरोप लगाया था कि 2013-14 में कंगना ने उन्हें सैकड़ों ईमेल भेजे थे। कंगना ने कहा था कि उन्होंने रितिक को कभी ईमेल नहीं किए। इसके बाद रितिक ने कंगना को सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने के लिए कहा, जिसके जवाब में कंगना ने माफी से इनकार कर दिया था।
 
इस केस की जांच मुंबई की साइबर सेल यूनिट कर रही थी। दिसंबर, 2020 में रितिक के वकील ने मुंबई कमिश्नर को पत्र लिखकर इस मामले की सही जांच की मांग की थी। इसके बाद इस मामले में संज्ञान लेते हुए क्राइम ब्रांच के प्रभारी और मुंबई पुलिस के संयुक्त आयुक्त के आदेश पर रितिक रोशन के केस को क्राइम ब्रांच के 'क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट' को सौंप दिया गया था।
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी