क्या सलमान खान की यह फिल्म कभी नहीं बनेगी?

बोनी कपूर की फिल्म 'नो एंट्री' में सलमान खान ने काम किया था। सलमान के अलावा फिल्म में और भी सितारे थे, लेकिन कामयाबी का सेहरा सलमान के सिर पर ही बंधा क्योंकि उनका बॉक्स ऑफिस मूल्य ज्यादा है। इसे अनीस बज्मी ने निर्देशित किया था। 
 
फिल्म की सफलता के बाद से ही इसके सीक्वल की चर्चा चल पड़ी। नो एंट्री में एंट्री, यह नाम भी तय हो गया। अनीस ने स्क्रिप्ट लिख कर सलमान को दिखाई, जो उन्हें पसंद नहीं आई। 
 
सलमान खान एक लेखक के बेटे हैं। उनके पिता सलीम खान ने जावेद के साथ मिल कर कई हिट फिल्मों की पटकथा लिखी है। सलमान के अंदर का लेखक जाग गया। उन्होंने स्क्रिप्ट में कुछ बदलाव करने को कहा। 
 
अनीस ने यह काम किया, लेकिन सलमान खुश नहीं हुए। अनीस ने कई बार स्क्रिप्ट दिखाई लेकिन सलमान के मुंह से हां नहीं निकला। सलमान ने ना भी नहीं बोला, जिससे यह संदेश गया कि यदि स्क्रिप्ट पसंद आती है तो सलमान यह फिल्म कर सकते हैं। 
 
अनीस को कहीं ना कहीं लगा कि सलमान उन्हें टालने के लिए यह सब कर रहे हैं। इसी बीच बोनी कपूर के बेटे और फिल्म अभिनेता अर्जुन कपूर का रोमांस मलाइका अरोरा के साथ शुरू हो गया। सलमान के भाई अरबाज की मलाइका पूर्व पत्नी हैं। 
 
सलमान को यह बात पसंद नहीं आई। बोनी कपूर से उनकी दूरी बढ़ गई। इसके बाद से ही यह अघोषित रूप से ही तय हो गया कि नो एंट्री का दूसरा भाग कम से कम सलमान को लेकर नहीं बनेगा। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी