टाइगर को बादशाह का नायाब तोहफा

बुधवार, 27 दिसंबर 2017 (23:58 IST)
सलमान खान और शाहरुख खान की दोस्ती बहुत अनोखी है। कई उतार-चढ़ाव के बाद फिर से बहुत अच्छे दोस्त बने सलमान और शाहरुख एक-दूसरे के लिए अपनी दोस्ती जताते रहते हैं। ऐसे में सलमान का जन्मदिन कैसे फीका रहता। शाहरुख भले ही सलमान के साथ पार्टी में एंजॉय नहीं कर पाए, लेकिन उन्होंने सलमान को एक खास तोहफा दिया है। 
  
63वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स के दौरान शाहरुख खान भी मौजूद थे। इस मौके पर मीडिया ने शाहरुख से पूछा कि सलमान के जन्मदिन पर शाहरुख उनके लिए कोई संदेश देना चाहेंगे? तब शाहरुख ने अपने दोस्त के लिए गाना गाते हुए कहा तुम जियो हजारों साल... मैं उन्हें शुभकामनाएं देना चाहता हूं। मैं उनसे नहीं मिल पाऊंगा, क्योंकि मेरे बच्चे यहां हैं और मैं उनके साथ समय बिताना चाहता हूं, लेकिन हम तब सेलिब्रेट करेंगे जब हम वापस लौट आएंगे। हम सलमान का बर्थडे एक महीने तक मना सकते हैं। 
 
शाहरुख ने सलमान की नई फिल्म 'टाइगर ज़िंदा है' की भी तारीफ की। दरअसल सलमान का 27 दिसंबर को जन्मदिन है और फिल्मफेयर अवॉर्ड्स का यह फंक्शन 26 दिसंबर की रात ही हुआ। जन्मदिन की पिछली रात को ही शाहरुख ने अपने दोस्त को एडवांस बर्थडे गिफ्ट दिया। 
 
शाहरुख यहां फिल्मफेयर के संपादक जितेश पिल्लई के साथ 63वें फिल्मफेयर पुरस्कार की घोषणा के दौरान उपस्थित हुए। यह अवॉर्ड फंक्शन 20 जनवरी को टेलीकास्ट किया जाएगा। सलमान अपना बर्थडे सेलिब्रेट करने के लिए उनकी फैमिली और फ्रेंड्स के साथ पनवेल स्थित फार्महाउस पहुंचे हुए हैं। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी