शशि कपूर को शबाना और ऋषि ने दी बधाई

बुधवार, 18 मार्च 2015 (16:08 IST)
मशहूर बॉलीवुड अभिनेता शशि कपूर 18 मार्च को 77 साल के हो गए हैं। वे ‘जब-जब फूल  खिले’, ‘दीवार’ एवं ‘कभी-कभी’ जैसी फिल्मों में किए गए अपने अभिनय के लिए विशेष रूप से जाने जाते हैं।
 
उनके भतीजे ऋषि कपूर और ‘फकीरा’ की सह-कलाकार शबाना आजमी ने उनके जन्मदिन पर उनके  अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। ऋषि ट्विटर पर आए और अपनी कामनाओं के साथ खूबसूरत अभिनेता की एक अनूठी फोटो ट्विटर पर भेजी।
 
ऋषि ने ट्वीट किया कि शशि चाचा जन्मदिन की शुभकामनाएं। भगवान आपको अच्छा स्वास्थ्य  और सभी खुशियां दे। ऋषि ने अपने चाचा शशि के साथ ‘अपना खून’, ‘कभी-कभी’ एवं ‘दुनिया मेरी  जेब में’ सहित कई फिल्मों में काम किया है।
 
शबाना ने अभिनेता एवं फिल्म निर्माता शशि को भारतीय सिनेमा को भव्य पृथ्वी थिएटर देने के  लिए धन्यवाद दिया। इस थिएटर को शशि ने अपने पिताजी पृथ्वीराज कपूर की याद में बनाया था।
 
शबाना ने ट्विटर पर लिखा है कि सबसे सुंदर आदमी शशि कपूरजी जन्मदिन की शुभकामनाएं। खुश रहिए, सेहतमंद रहिए...। आप अग्रणी एवं विशाल प्रेरणास्रोत रहे हैं। पृथ्वी थिएटर एक विरासत है जिसे आपने शहर को उपहारस्वरूप दिया है।
 
अभिनेता शशि कपूर ने 160 से अधिक फिल्मों में भूमिका निभाई है और 3 राष्ट्रीय पुरस्कार जीते हैं।(भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें