सुशांत सिंह राजपूत के जीजा ने बताया नेपोमीटर बनाने का मकसद, बोले- यह किसी फायदे के लिए नहीं

शनिवार, 4 जुलाई 2020 (18:26 IST)
सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद से ही बॉलीवुड में नेपोटिज्म का मुद्दा गरमाया हुआ है। अब तक कई सेलेब्स बॉलीवुड में चल रहे नेपोटिज्म को लेकर खुलकर सामने आ चुके हैं। सोशल मीडिया पर भी नेपोटिज्म को लेकर आवाज उठाई जा रही है।

 
वहीं सुशांत सिंह राजपूत के जीजा विशाल कीर्ति ने नेपोमीटर लॉन्च किया गया। उनके मुताबिक इससे बॉलीवुड में जारी भाई-भतीजावाद के खिलाफ लड़ने में मदद मिलेगी। सुशांत के जीजा विशाल कीर्ति ने ट्विटर पर नेपोमीटर के लॉन्च होने की जानकारी दी थी।
 
उन्होंने लिखा, मेरे भाई मयूरेश कृष्णा द्वारा सुशांत सिंह राजपूत की याद में बनाया गया। वहीं इस नेपोमीटर के बारे में सोशल मीडिया पर लिखा गया है कि यह बॉलीवुड में फैले नेपोटिज्म से लड़ने में मदद करेगा। हम भाई-भतीजावाद और इंडिपेंडेंट फिल्म की क्रू पर बेस्ड रेटिंग देंगे। अगर नेपोमीटर ज्यादा रहा तो यह वक्त है बॉलीवुड में जारी भाई-भतीजावाद के बहिष्कार करने और उसके खिलाफ लड़ने का।
 
अब विशाल ने इस एप के असली उद्देश्य के बारे में बताया है। उनके मुताबिक, यह एप सुशांत को श्रद्धांजलि है और उन्होंने इसे प्रॉफिट के उद्देश्य से नहीं बनाया है। 
 
विशाल ने ट्वीट कर लिखा, 'हम अभी भी दुखी हैं। हमारा फोकस अब एक-दूसरे का ध्यान रखने पर है। मैंने अपने भाई के नेपोमीटर का आइडिया इसलिए साझा किया, ताकि लोग अपनी पसंद के बारे में बता सकें। यह सुशांत के लिए छोटी सी श्रद्धांजलि है। यह किसी फायदे के लिए नहीं बनाया गया है। प्लीज धैर्य रखिए, क्योंकि यह हमारी पहली प्राथमिकता नहीं है।'
 
सुशांत सिंह राजपूत ने 14 जून को बांद्रा स्थित अपने फ्लैट पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। सुशांत के निधन के बाद से अब तक 27 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। इनमें सुशांत की गर्लफ्रेंड रहीं रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शोविज के अलावा फिल्म 'दिल बेचारा' की एक्ट्रेस संजना संघी भी शामिल हैं। 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी