xXx: रिटर्न ऑफ ज़ेंडर केज- मूवी रिव्यू

हॉलीवुड में एक्शन फिल्म बनाने वालों को कुछ नया नहीं सूझ रहा है। पिछले कुछ एक्शन फिल्मों की कहानी मिलती-जुलती है। एक खतरा पैदा होता है। दुश्मन से भिड़ना होता है। हीरो अपनी टीम बनाता है और लड़ाई करता है। 'xXx: रिटर्न ऑफ ज़ेंडर केज' की भी यही कहानी है। 
 
'पैंडोरा बॉक्स' के जरिये सैटेलाइट्‍स को पृथ्‍वी पर कही भी गिराया जा सकता था। यह पैंडोरा बॉक्स उन लोगों के हाथ है जिनके इरादे खतरनाक है। उन लोगों से लड़ने के लिए एक काबिल शख्स की जरूरत है। ऐसे में जेंडर केज (विन डीजल) सामने आता है जिसे मृत मान लिया गया था। वह अपनी टीम बनाता है और पैंडोरा बॉक्स हासिल करता है। 
 
कहानी ऐसी है कि आगे क्या होने वाला है ये कोई भी बता दे, लेकिन जो बात फिल्म को देखने लायक बनाती है वो ये कि यह किस तरह होगा। हैरतअंगेज स्टंट्स, जबरदस्त एक्शन, धड़कन बढ़ाने वाले चेज़ सीक्वेंसेस, ताकतवर विन डीज़ल, खूबसूरत दीपिका पादुकोण के जरिये जब बात को आगे बढ़ाया जाता है तो फिल्म में समय तो अच्‍छी तरह से कट ही जाता है। 


 
हॉलीवुड मूवीज़ में हर किरदार की एंट्री मजेदार तरीके से दिखाने का चलन है और यहां भी वहीं बात देखने को मिलती है। हर किरदार की कुछ खासियत और आदतें हैं। विन डीज़ल की एंट्री भी जोरदार तरीके से होती है और स्क्रिप्ट उनकी इमेज के अनुरूप लिखी गई है ताकि उनके फैंस का पैसा वसूल हो सके। विन डीज़ल ने स्टाइलिश तरीके से अपने किरदार को निभाया है और एक्शन दृश्यों में धमाके पर धमाके करते रहे। पानी में बाइक चलाने वाले चेज़ सीक्वेंस तो शानदार है। 
 
फिल्म का फर्स्ट हाफ थोड़ा धीमा है और एक्शन फिल्म की गरमाहट महसूस नहीं होती है। सेकंड हाफ में फिल्म ऐसी लय पकड़ती है कि आप सीट पर बैठे रहने के लिए मजबूर हो जाते हैं। लंबा क्लाइमैक्स है और एक्शन प्रेमियों के लिए यहां पर भरपूर मसाला है। 
 
विन डीज़ल को ताकतवर और बहादुर दिखाने के लिए सिनेमा के नाम पर भरपूर छूट ली गई है। सैकड़ों गोलियां उन पर दागी जाती है, लेकिन वे बच निकलते हैं, खरोंच भी नहीं आती। सैटेलाइट्स से हवाई जहाज की टक्कर करवा देते हैं और चंद सेकंड पहले हजारों फीट ऊपर से कूद जाते हैं, लेकिन ये दृश्य इतनी सफाई से शूट किए गए हैं कि विश्वसनीय लगते हैं। 
 
फिल्म के लिए कलाकारों का चयन सटीक है। विन डीज़ल के इर्दगिर्द पूरी फिल्म घूमती है, फिर भी अन्य कलाकारों को अवसर मिलते हैं। दीपिका खूबसूरत लगी हैं। हालांकि उनका रोल लंबा नहीं है, लेकिन महत्वपूर्ण जरूर है। नीना डोबरेव ने एक्शन के बीच हंसने का अवसर दिया है। 
 
निर्देशक डी.जे. करुसो ने बजाय कुछ नया करने के उन्हीं आजमाए फॉर्मूलों को अपनाया है जिन्हें देख दर्शक खुश होते हैं। उनकी टारगेट ऑडियंस वे लोग हैं जो एक्शन फिल्म देखना पसंद करते हैं और इसका भरपूर डोज़ उन्होंने दिया है। 
 
कुल मिलाकर 'xXx: रिटर्न ऑफ ज़ेंडर केज' एक्शन और स्टंट्स के बल पर मनोरंजन करने में सफल है। 
 
निर्माता : विन डीज़ल, जो रोथ, सामंथा विसेंट 
निर्देशक : डी.जे. करुसो 
संगीत : ब्रायन टेलर
कलाकार : विन डीज़ल, डॉनी येन, दीपिका पादुकोण, क्रिस वू, रूबी रोज़  
रेटिंग : 3/5 

वेबदुनिया पर पढ़ें