कहाँ से पाएँ कार्टूनिस्ट का प्रशिक्षण?

ND
मैं कार्टूनिस्ट बनना चाहता हूँ। इस हेतु मुझे कहाँ से प्रशिक्षण लेना चाहिए? - विनय मखोड़िया, निवाली (बड़वानी)/ - महेंद्रसिंह कुर्वे, भाटापारा (रायपुर)
कार्टूनिंग एक मायने में रुचिगत प्रतिभा होती है। आप इसे प्रशिक्षण के माध्यम से और अधिक निखार सकते हैं। एक कार्टून संपादकीय का चित्रनुमा फॉर्म होता है, जिसे आप एक गंभीर विषय पर मजाक के तौर पर देखते हैं। कार्टून बनाना आप स्वयं सीख सकते हैं। यदि आप बढ़िया स्केचिंग या कैरीकेचर बनाते हैं तो फिर आपको प्रशिक्षण की आवश्यकता नहीं है।

परंतु यदि आप अपनी कला को निखारना चाहते हैं तो प्रतिष्ठित संस्थान से फाइन आर्ट में डिप्लोमा कर सकते हैं। यदि आप टेलीविजन एवं इंटरनेट के क्षेत्र में काम करना चाहते हैं तो एनिमेशन और मल्टीमीडिया का ज्ञान होना बहुत जरूरी है। कार्टूनिस्ट को आमतौर पर न्यूजपेपर और मैग्जीन अनुबंधित करती हैं। आजकल कई न्यूजपेपर और पत्रिकाओं में कार्टूनिस्टों को स्थायी तौर पर रखा जाने लगा है। प्रतिभा संपन्न कलाकारों हेतु इस क्षेत्र में अवसरों की कोई कमी नहीं है।

टोफेल एग्जाम के फॉर्म एवं अन्य जानकारी कहाँ से प्राप्त हो सकती है? -धर्मेंद्र शुक्ल, बरेली (रायसेन)
टेस्ट ऑफ इंग्लिश एंड ए फॉरेन लैंग्वेज (टोफेल) परीक्षा के फॉर्म एवं अन्य जानकारी के लिए आप इंस्टीट्यूट ऑफ साइकोलॉजिकल एंड एजुकेशनल मेशरमेंट 119/25 ए, महात्मा गाँधी मार्ग इलाहाबाद से संपर्क करें।
  कार्टूनिंग एक मायने में रुचिगत प्रतिभा होती है। आप इसे प्रशिक्षण के माध्यम से और अधिक निखार सकते हैं। एक कार्टून संपादकीय का चित्रनुमा फॉर्म होता है, जिसे आप एक गंभीर विषय पर मजाक के तौर पर देखते हैं। कार्टून बनाना आप स्वयं सीख सकते हैं।      


मैं एक लघु उद्योग इकाई खोलना चाहता/चाहती हूँ लेकिन इकाई का चयन नहीं कर पा रहा/रही हूँ। कृपया मार्गदर्शन करें एवं ऋण के बारे में भी बताएँ। -अर्जुन परिहार, बड़ा मलहरा, (छतरपुर)/ माखनसिंह, बाबई (होशंगाबाद)/ दुर्गा गर्ग, इंदौर
किसी भी लघु उद्योग इकाई का चयन करने से पहले यह तय कर लें कि आप किस इकाई में रुचि रखते हैं। इसके अलावा जहाँ पर आप इकाई खोलना चाहते हैं, उस क्षेत्र का सर्वेक्षण कर लें तो बहुत अच्छा होगा। इसके बाद जिस वस्तु की माँग जहाँ पर ज्यादा हो, उसी की इकाई वहाँ लगाएँ तो बेहतर होगा। प्रधानमंत्री रोजगार योजनांतर्गत कोई भी हितग्राही अपने जिला उद्योग केंद्र से संपर्क कर ऋण प्राप्त कर सकता है।

पत्राचार माध्यम से इतिहास विषय में पीएचडी कहाँ से की जा सकती है? -रजनी वशिष्ठ, पाटन (जबलपुर)/ प्रयास शर्मा, मस्तूरी (बिलासपुर)
इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय, नई दिल्ली से पत्राचार माध्यम से इतिहास विषय में पीएचडी की जा सकती है।

मैं आर्मी में अपना करियर बनाना चाहता हूँ। क्या आर्मी में जाने के लिए एनसीसी अनिवार्य है? -सौरव सक्सेना, उज्जैन/ दक्ष माहेश्वरी, भोपाल
आर्मी में करियर बनाने के लिए एनसीसी अनिवार्य नहीं है, लेकिन कॉलेज में एनसीसी रहने पर आर्मी में प्राथमिकता मिलती है।

बैचलर ऑफ टूरिज्म स्टडीज कोर्स करने से किस क्षेत्र में तथा किस तरह की नौकरी मिल सकती है? -अनमोल गुप्त, बलौदा (जाँजगीर चाँपा)
बैचलर ऑफ टूरिज्म स्टडीज कोर्स करने के बाद पर्यटन क्षेत्र में सामान्य स्तर तक की नौकरियाँ मिल सकती हैं। यदि मास्टर ऑफ टूरिज्म एडमिनिस्ट्रेशन का दो वर्षीय कोर्स कर लिया जाए तो पर्यटन करियर के सर्वश्रेष्ठ विकल्प के रूप में दिखाई देता है।

आयुर्वेद कंपाउंडर का कोर्स करने हेतु शैक्षणिक योग्यता क्या निर्धारित की गई है? - पुनीत पाठक, खरगोन/ किशन यादव, गुनौर (पन्ना)
आयुर्वेद कंपाउंडर का एक वर्षीय कोर्स करने हेतु बारहवीं बायोलॉजी से उत्तीर्ण होना आवश्यक है।

मैं सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहा/रही हूँ। कृपया मुझे बताएँ कि सिविल सेवा परीक्षा में इंग्लिश का पेपर कैसा आता है? -प्रदीप आर्य, पिछोर (शिवपुरी)/ यामिनी जैन, महेश्वर
सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में इंग्लिश का कोई प्रश्नपत्र नहीं होता है। यदि आप प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण कर लेते हैं तो मुख्य परीक्षा में एक प्रश्नपत्र 300 अंकों का इंग्लिश का होता है। प्रश्नपत्र मैट्रिकुलेशन स्तर का होता है और उसे मात्र उत्तीर्ण करना होता है। इस प्रश्नपत्र में प्राप्त अंकों को रैंकिंग हेतु गणना में शामिल नहीं किया जाता है।

मानवाधिकार का कोर्स संचालित करने वाले प्रमुख संस्थानों की जानकारी दीजिए। - क्षिप्रा वर्मा, अम्बाह (मुरैना)
मानवाधिकार के प्रमुख कोर्स इन संस्थानों में उपलब्ध हैं। भारतीय मानवाधिकार संस्थान, मैदानगढ़ी, नई दिल्ली/ इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय, नई दिल्ली/ पुणे विश्वविद्यालय, पुणे/ मुंबई विश्वविद्यालय मुंबई।

भारतीय वायुसेना में पायलट बनने हेतु बारहवीं कौनसे विषय समूह से उत्तीर्ण होना आवश्यक है? -तन्मय मूँदड़ा, इंदौर/ शिशिर पाटिल, रतलाम
भारतीय वायुसेना में पायलट बनने के लिए बारहवीं भौतिकी एवं गणित विषयों के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक है।

पीएचडी करने हेतु स्नातकोत्तर स्तर पर कितने प्रतिशत अंक आवश्यक हैं? -कौशल्या सोनगिरे, गरोठ (मंदसौर)
पीएचडी करने हेतु स्नातकोत्तर स्तर पर न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक आवश्यक हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें