कुछ सूत्र करियर सँवारने के

- गरिमा माहेश्वरी

ND
अपने करियर का सही चुनाव करते समय एक असमंजस की स्तिथि उत्पन्न हो जाती है, इसके चलते कई बार हम अपनी रुचियों को नजरअंदाज कर देते हैं।

अपने करियर का चुनाव करते समय सबसे सही होता है अपने आप से प्रश्न कर अपनी उलझन का समाधान ढूँढना और कुछ ऐसी बातों का ध्यान रखना जिससे हमारा आत्मविश्वास न डगमगाए। करियर का सही चुनाव कर लेना ही काफी नहीं। उस करियर को बेहतर बनाने के लिए कड़ी मेहनत और लगन भी महत्वपूर्ण है।

करियर सँवारने के ऐसे ही कुछ महत्वपूर्ण सूत्र आपके लिए यहाँ मौजूद हैं जो आपके करियर को ऊँचाइयों तक पहुँचाने में आपके सहायक बनेंगे-

* सीखना कभी न छोड़ें। जीवनभर जो इंसान सीखते रहने की ठान ले, उसके लिए जीवन में कोई भी काम करना मुश्किल नहीं होता। यह इसलिए कि उसे अपने आप पर और अपनी सीखने की क्षमता पर पूरा भरोसा होता है। यही भरोसा बनता है उसके आत्मविश्वास का कारण।

* पूछें, सुनें और समझें। ऐसा कहते हैं कि जो इंसान लोगों की बातों को ठीक से सुनता है और समझता है उसके लिए कार्य करना आसान हो जाता है। अगर आप अपने कार्यक्षेत्र में अपने सहकर्मियों की, अपने सी‍‍नियर की सलाह को ठीक से सुनकर और समझकर उसे अपने जीवन में अपनाते हैं तो यह आपकी नम्रता को दर्शाता है और नम्र स्वभाव वाला व्यक्ति किसे नहीं लुभाता।

* अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सही तरीके से करें। हमेशा देखने में आता है कि एक सफल व्यक्ति और एक सामान्य व्यक्ति में बहुत थोड़ा ही अंतर होता है। यही अंतर एक सामान्य व्यक्ति को सफल बनाता है। अगर आप अपनी जिम्मेदारियों को ठीक से निभाएँगे तो अपने करियर को सँवारने में आपकी यह आदत आपका सबसे ज्यादा साथ देगी।

* आखिर में, सबसे महत्वपूर्ण सूत्र। सपने देखिए और उन्हें पूरा करने के लिए योजनाएँ बनाइए क्योंकि योजनाबद्ध सपनों में ही हकीकत बनने की ताकत होती है।

अगर आप अपनी पूरी मेहनत और ध्यान अपने करियर पर केंद्रित कर लेंगे तो सोचे हुए सपने जल्द ही हकीकत में परिवर्तित हो जाएँगे। जरूरत है तो बस अपनी सोच और दृष्टिकोण को थोड़ा तराशने की।