मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साध कहा- मेरे लिए गरीब ही सबसे बड़ी जाति और सबसे बड़ी आबादी

Webdunia
मंगलवार, 3 अक्टूबर 2023 (21:57 IST)
Narendra Modi: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) ने जगदलपुर में जाति आधारित गणना की विपक्षी दलों की मांग के बीच कांग्रेस (Congress) पर किसी भी कीमत पर देश के हिन्दुओं को बांटने और भारत को तबाह कर देने की चाहत रखने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कहा कि उनके लिए गरीब ही सबसे बड़ी जाति और सबसे बड़ी आबादी है।
 
कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि देश की प्रमुख विपक्षी पार्टी को उसके नेता नहीं, बल्कि पर्दे के पीछे से ऐसे लोग चला रहे हैं, जो राष्ट्रविरोधी ताकतों के साथ मिले हुए हैं। बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर में भाजपा की 'परिवर्तन महासंकल्प रैली' को संबोधित करते हुए मोदी ने कांग्रेस पर लोकतंत्र को लूटतंत्र और प्रजातंत्र को परिवारतंत्र में बदलने का आरोप लगाया।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि कल से कांग्रेस ने एक अलग राग अलापना शुरू कर दिया है। कांग्रेस के नेता कहते हैं कि जितनी आबादी उतना हक है। मैं कहता हूं कि इस देश में अगर कोई सबसे बड़ी आबादी है तो वह गरीब की है इसलिए मेरे लिए गरीब ही सबसे बड़ी आबादी है और गरीब का कल्याण यही मेरा मकसद है।
 
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह क्या सोच रहे होंगे? मनमोहन सिंहजी कहते थे कि देश के संसाधनों पर पहला अधिकार अल्पसंख्यकों का है और उनमें भी पहला अधिकार मुसलमानों का है। लेकिन अब कांग्रेस कह रही है कि आबादी तय करेगी कि किसे कितना अधिकार मिलेगा?
 
प्रधानमंत्री ने सवाल किया कि क्या कांग्रेस, मुसलमानों के अधिकारों को कम करना चाहती है? उन्होंने कहा कि तो क्या अल्पसंख्यकों को कांग्रेस हटाना चाहती है? तो क्या सबसे बड़ी आबादी वाले हिन्दू अब आगे बढ़कर अपने सारे हक ले लें? उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को अब कांग्रेस के लोग नहीं चला रहे हैं, क्योंकि उसके बड़े नेता मुंह बंद करके बैठे हैं।
 
उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस को पर्दे के पीछे से वे लोग चला रहे हैं जिनकी देशविरोधी ताकतों से सांठगांठ है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस किसी भी कीमत पर देश के हिन्दुओं को बांटकर, भारत को तबाह कर देना चाहती है। कांग्रेस गरीबों को बांटना चाहती है। उन्होंने कहा कि पिछले करीब 10 सालों में उनकी सरकार ने ऐसी योजनाएं बनाई हैं, जिनसे गरीबों में फिर विश्वास पैदा हुआ।
 
उन्होंने कहा कि मेरे लिए तो इस देश का गरीब ही सबसे बड़ी जाति है। यही सबसे बड़ी बिरादरी है। अगर गरीबों का भला हो गया तो देश का भला अपने आप हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसी अन्य देश के साथ अपने गुप्त समझौते का खुलासा नहीं किया है। समझौते के बाद कांग्रेस को भारत के खिलाफ बोलने में मजा आ रहा है। भारत की अच्छी बातों को बुरी तरह से पेश करने में मजा आ रहा है। ऐसा लगता है कि देश के प्रति उनका प्यार कम हो गया है। 
प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा और कहा कि राज्य में चारों तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला है। छत्तीसगढ़ में अपराध चरम पर है। हत्याओं के मामले में छत्तीसगढ़ अग्रणी राज्यों में पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि कभी-कभी लगता है कि राजस्थान और छत्तीसगढ़ के बीच इस मामले में स्पर्धा चल रही है कि कहां सबसे ज्यादा हत्याएं होती हैं? कहां सबसे ज्यादा लूट होती है? कहां सबसे ज्यादा महिलाओं पर अत्याचार होते हैं? छत्तीसगढ़ में विकास या तो पोस्टर और बैनरों में दिखता है या कांग्रेस के नेताओं की तिजोरी में।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले दिल्ली में जो सरकार थी, उसे लेकर अखबारों में बड़े-बड़े घोटाले छाए रहते थे। पूरी दुनिया में देश का नाम बदनाम कर रखा था, लेकिन 2014 में देश ने कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंका और पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार बनाई।
 
उन्होंने कहा कि आज घोटालों के बजाय दुनिया में भारत के गौरव की चर्चा हो रही है और दुनिया में हिन्दुस्तान का डंका बज रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य के बस्तर जिले में स्थित नगरनार इस्पात संयंत्र का लोकार्पण समेत 26 हजार करोड़ रुपए से अधिक की अनेक विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों के नहीं पहुंचने को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि उनको सरकार जाने की इतनी चिंता है कि उनके पास यहां आने के लिए समय नहीं है।
 
उन्होंने कहा कि आज यहां देश के बहुत बड़े आधुनिक इस्पात कारखाने का लोकार्पण हुआ है। सभी को इस पर गर्व हो रहा है लेकिन कांग्रेस वालों को नहीं हो रहा है। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सरकार के एक भी मंत्री नहीं आए और न ही मुख्यमंत्री आए। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके नहीं आने के 2 कारण हैं। एक, उनको सरकार जाने की इतनी चिंता है कि उनके पास यहां आने के लिए समय नहीं है। वे सरकार बचाने में लगे हैं। दूसरा कारण है कि यहां मोदी है, क्योंकि कोई आकंठ भ्रष्टाचार में डूबा है तब वह मोदी से आंख नहीं मिला सकता है इसीलिए वे आने से डरते हैं। कांग्रेस नहीं चाहती थी कि यहां इस्पात संयंत्र खुले, क्योंकि वह भ्रष्टाचार करना चाहती थी। इस संयंत्र से 50 हजार से ज्यादा युवाओं को रोजगार मिलेगा और इससे बस्तर की किस्मत बदलने वाली है।
 
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर लोकतंत्र को लूटतंत्र बनाने और प्रजातंत्र को परिवार तंत्र बनाने का आरोप लगाया और कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनते ही कथित लोक सेवा आयोग (पीएससी) घोटाले की जांच करवाने के साथ गुनहगारों को जेल भेजने का काम किया जाएगा।
 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने युवाओं को नौकरी देने का वादा किया और नौजवानों की नौकरी में घोटाला कर दिया। कांग्रेस के नेताओं ने पीएससी की भर्तियों के जरिए अपने बच्चों और रिश्तेदारों को सेट कर दिया। इनकी पार्टी तो राजनीति में भी अपने ही बच्चों को सेट करती है और नौकरियों में भी यही करती है। उन्होंने कांग्रेस पर गोमाता के नाम पर भ्रष्टाचार करने का भी आरोप लगाया।
 
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में केंद्र सरकार द्वारा आदिवासी, किसानों और महिलाओं के उत्थान के लिए किए गए कार्यों और योजनाओं को जनता के सामने रखा और राज्य की कांग्रेस सरकार को बदलने की अपील की।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख