4-1 की बढ़त लेने के बाद भी भारत ने इंग्लैंड से ड्रॉ किया मैच, फैंस हुए निराश

मंगलवार, 2 अगस्त 2022 (13:36 IST)
तीन गोल की बढत को गंवाकर भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों की पुरूष हॉकी स्पर्धा में सोमवार को पूल बी के मैच में इंग्लैंड से 4 . 4 से ड्रॉ खेला।भारतीय टीम ने शानदार शुरूआत की और पहले दो क्वार्टर में दबदबा बनाये रखा। हाफटाइम तक भारत के पास 3 . 0 की बढत थी।

आखिरी दो क्वार्टर में इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने शानदार वापसी की । भारतीय खिलाड़ियों को मिले कार्ड का भी इंग्लैंड को फायदा हुआ। वरूण कुमार पहले हाफ में पांच मिनट और दूसरे हाफ में दस मिनट बाहर रहे जबकि गुरजंत सिंह को आखिरी क्वार्टर में खतरनाक खेल के लिये दस मिनट का निलंबन झेलना पड़ा।

भारत के लिये ललित उपाध्याय (3rd Minute), मनदीप सिंह (13वां और 22वां) और हरमनप्रीत सिंह (46वां) ने गोल दागे। वहीं इंग्लैंड के लिये लियाम अंसेल (42वां), निक बेंडुराक (47वां और 53वां) और फिर रोपेर (50वां) ने गोल किये।

राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में भारत और इंग्लैंड का सामना चार बार हुआ है और दोनों ने दो दो मैच जीते। आखिरी बार गोल्ड कोस्ट में इंग्लैंड ने भारत को 2 . 1 से हराकर कांस्य पदक जीता था। भारत ने तोक्यो ओलंपिक के क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड को हराया था।

भारत ने काफी आक्रामक शुरूआत की और तीसरे ही मिनट में हरमनप्रीत का पेनल्टी कॉर्नर पर शॉट चूकने के बाद ललित ने रिबाउंड पर गोल कर दिया।

Points shared at the full-time! On to the next one

IND 4:4 ENG #IndiaKaGame #HockeyIndia #B2022 #Birmingham2022 @CMO_Odisha @sports_odisha @IndiaSports @Media_SAI pic.twitter.com/MrBRqQeNdM

— Hockey India (@TheHockeyIndia) August 1, 2022
पहले क्वार्टर में तीन मिनट बाकी रहते नीलाकांता शर्मा ने मनदीप को पास दिया जिसने रिवर्स हिट पर गोल दागा। मनदीप ने 22वें मिनट में एक और गोल करके भारत की बढत तिगुनी कर दी।

तीसरे क्वार्टर में इंग्लैंड ने मैच में वापसी की जबकि भारत ने रक्षात्मक खेल दिखाया। इंग्लैंड के लिये पहला गोल लियाम अंसेल ने 42वें मिनट में किहया।

चार मिनट बाद हरमनप्रीत ने भारत को मिले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। इंग्लैंड के लिये निक बेंडुराक ने 47वें मिनट में दूसरा गोल दागा।रोपेर ने 50वें मिनट में बेहतरीन फील्ड गोल करके स्कोर 4. 3 कर दिया।

नौ मिनट बाकी रहते गुरजंत को दस मिनट का निलंबन मिलना भारत पर भारी पड़ा। बेंडुराक ने बराबरी का गोल दागकर भारतीय खेमे को स्तब्ध कर दिया। इसके बाद आखिरी मिनटों में कोई टीम गोल नहीं कर सकी।
भारत को अब बुधवार को कनाडा से खेलना है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी