भारत में नहीं चलेंगी 2400 ट्रेनें, 22 मार्च को 'जनता कर्फ्यू' में दुनिया का सबसे बड़ा बंद

शुक्रवार, 20 मार्च 2020 (20:47 IST)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा घोषित 'जनता कर्फ्यू' के मद्देनजर देश में शनिवार मध्यरात्रि से रविवार रात 10 बजे के बीच किसी भी स्टेशन से कोई यात्री ट्रेन सफर शुरू नहीं करेगी। यह अब तक का 'दुनिया का सबसे बड़ा बंद' होने जा रहा है। यह सब कवायद जानलेवा कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए जनता को जागरूख बनाने के लिए की जा रही है।
 
भारतीय रेलवे के सूत्रों के अनुसार 22 मार्च को 'जनता कर्फ्यू' में सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के पहिए रविवार तड़के थम जाएंगे। सभी उपनगरीय ट्रेन सेवाएं भी बहुत कम कर दी जाएंगी।
 
भारतीय रेलवे कोरोना वायरस के चलते गैर-जरूरी यात्रा पर रोक लगाने के मकसद से अब तक 245 ट्रेनें रद्द कर चुका है। सनद रहे कि मोदी ने गुरुवार को राष्ट्र को संबोधित करते हुए कोरोना वायरस से निपटने के लिये रविवार को 'जनता कर्फ्यू' का अनुपालन करने की अपील की थी।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी