दुनिया की वे 15 हस्तियां जो बन गईं 'हिन्दू', क्या हैं हिन्दू धर्म अपनाने के नियम या प्रक्रिया?

पिछले दिनों शिया बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष वसीम रिजवी की हिंदू धर्म अपनाने के बाद दुनियाभर की खबरों में उनकी चर्चा हुई। अब केरल निवासी और मलयाली फिल्म के निर्देशक अली अकबर ने ​इस्लाम धर्म छोड़ दिया है।

जहां तक हिंदू धर्म की बात है तो यह सनातन और दुनिया का सबसे प्राचीन धर्म है। दुनिया की तमाम बड़ी हस्तियां हिंदू धर्म से प्रभावित रही हैं और इस धर्म के विचारों और संस्कृति से प्रभावित होकर उसे अपनाती रही हैं। हिंदू धर्म अपनाने वालों की संख्या दुनियाभर में लाखों में है।

आइए जानते हैं वसीम रिजवी और अली अकबर के अलावा दुनिया में कौन सी हस्‍तियां अपना चुकी हैं हिंदू धर्म।

जूलिया रॉबर्ट्स
जूलिया रॉबर्ट्स प्रसिद्ध हॉलीवुड एक्ट्रेस हैं। अमेरिका में जन्मी इस एक्ट्रेस ने नॉटिंग हिल, माई बेस्ट फ्रेंड्स वेडिंग और ईट, प्रे, लव जैसी फिल्मों में अभिनय किया है। भारत में 2010 में ईट, प्रे, लव की शूटिंग के दौरान वो हिंदू धर्म से इतनी प्रभावित हुई कि उन्होंने हिंदू धर्म अपना लिया।

एलिजाबेथ गिल्बर्ट
एलिजाबेथ गिल्बर्ट 2006 में आए अपने संस्मरण 'ईट, प्रे, लव' के चलते चर्चित हुईं। वो एक लेखिका हैं। उनकी यह किताब 199 हफ्तों तक न्यूयॉर्क टाइम्स अखबार की बेस्ट सेलर की लिस्ट में रही। एलिजाबेथ अपनी इस सबसे प्रसिद्ध किताब को लिखने की प्रेरणा लेने के लिए भारत आई थीं और इसी वक्त उन्होंने हिंदू धर्म स्वीकार कर लिया था।

जॉर्ज हैरिसन
जॉर्ज हैरिसन का नाम किसने नहीं सुना होगा। वे बीटल्स बैंड के मुख्य गिटारिस्ट थे। पूरी दुनिया में बीटल्स के फैन हैं। जॉर्ज हैरिसन रॉक म्यूजिक के सितारे थे। 1960 में हैरिसन ने ईसाई धर्म छोड़कर हिंदू धर्म अपना लिया। उन्होंने हिंदू धर्म का प्रचार भी किया था। 2001 में उनकी मौत के बाद उनकी अस्थियों को गंगा-यमुना में प्रवाहित किया था।

रसेल ब्रांड
रसेल ब्रांड अपनी कॉमेडी को लेकर फेमस हैं। वे टीवी प्रोड्यूसर, लेखक और स्क्रीन राइटर भी हैं। लोग उन्हें उनकी प्रसिद्ध फिल्म 'फॉरगेटिंग सारा मार्शेल' के लिए याद करते हैं। रसेल ब्रांड हिंदू धर्म के बारे में व्याख्यान भी देते हैं और ध्यान के पक्के समर्थक हैं। 2010 में जब केटी पेरी से शादी की तो इसके लिए वो राजस्थान आए और हिंदू परंपरा से उनकी शादी की।

जे मासिस
जे मासिस एक गिटारिस्ट, एक गायक और एक बास प्लेयर हैं। उनका नाम रोलिंग स्टोन मैग्जीन के 10 महानतम गिटारिस्ट में शामिल हो चुका है। 2005 में उन्होंने अपना एक एल्बम रिलीज किया। जिसका नाम 'जे एंड फ्रैंड्स सिंग एंड चैंट फॉर अम्मा' था। इस एल्बम के गानों में हिंदू धर्म की एक आध्यात्मिक गुरु माता आनंदमयी की तारीफ की गई थी।

जॉन
जॉन एक अमेरिकन म्यूजिशियन हैं। उनका जन्म एक ईसाई परिवार में हुआ था। धीरे-धीरे हिंदू धर्म से प्रभावित हुए और बाद में उन्होंने हिंदू धर्म ग्रहण कर लिया।

ट्रेवर
ट्रेवर एक अमेरिकी गायक, गिटारिस्ट और गीतकार हैं। उनका संगीत भी हिंदू धर्म से बहुत प्रभावित रहा है। उनके गीतों में संस्कृत के मंत्र भी होते हैं। 2013 में जब वो भारत आए तो हिंदू धर्म से उनका संबंध ऐसा जुडा कि हिंदू धर्म अपनाकर भारत में एक साधु का जीवन बिताया।

जैरी गार्सिया
जैरी गार्सिया अपने ग्रेटफुल डेड नाम के बैंड के चलते फेमस हुए थे। वो एक अमेरिकन म्यूजिशियन थे और तीस साल तक बैंड से लीड गिटारिस्ट के तौर पर जुड़े रहे। बचपन से ही हिंदू धर्म की ओर उनका रुझान था और आजीवन उन्होंने धर्म का पालन किया। 1995 उनकी मौत के बाद उनकी अस्थियां भारत में ऋषिकेश में गंगा नदी में प्रवाहित की गईं।

नयनतारा
नयनतारा दक्षिण भारतीय फिल्मों की प्रसिद्ध अभिनेत्री हैं। उनका जन्म एक ईसाई परिवार में हुआ था, लेकिन 2017 में उन्होंने हिंदू धर्म अपना लिया। इसके लिए बाकायदा उन्होंने चेन्नई के आर्यसमाज मंदिर में धर्म की दीक्षा ली थी। उनके और एक्टर व पूर्व डीएमके नेता राधा रवि के बीच विवाद भी सामने आया था। बाद डीएमके ने राधा रवि को पार्टी से सस्पेंड कर दिया है।

केआरएस-वन
केआरएस-वन का असली नाम लॉरेंस कृष्णा पार्कर है। वो अमेरिका के पापुलर रैप सिंगर हैं। वे भगवान कृष्ण से प्रभावित हैं। उन्होंने अपनी किताब 'द गॉस्पेल ऑफ हिप-हॉप' में भी अपने धार्मिक रुझान और आस्‍था के बारे में लिखा।

अनवर शेख
पाकिस्तान मूल के ब्रिटिश लेखक अनवर शेख कट्टर मुस्लिम थे और भारत विभाजन के दौरान उन्होंने गैर मुस्लिमों की हत्या भी की थी। बाद में उन्हें इस कार्य के लिए पश्चाताप अनुभव हुआ तो उन्होंने धार्मिक ग्रन्थों का अध्ययन किया। उन पर ऐसा असर हुआ कि हिन्दू धर्म में अपने नैतिक प्रश्नों का सही उत्तर पाकर हिंदू हो गये। इसके बाद उन्होंने अपना नाम अनिरुद्ध ज्ञानशिख रख लिया था।

आनंद सुमन
डॉक्टर आनंद सुमन का नाम सन् 80 से आरम्भ हुए दशक में चर्चित था। ये छतारी के नवाब के वंशज थे जो इस्लाम त्यागकर हिंदू हो गये थे।

आशीष खान
आशीष खान देवशर्मा प्रख्यात सरोदवादक हैं जिन्होंने हिंदू धर्म स्वीकार करने के बाद अपने नाम में देवशर्मा जोड़ लिया है। इनके अलावा हाल ही में भारत के वसीम रिजवी और अली अकबर ने इस्‍लाम त्‍यागकर हिंदू धर्म अपनाया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक कोई भी व्‍यक्‍ति अपना धर्म त्‍यागकर हिंदू धर्म को 2 तरीकों से अपना सकता है, पहला है धार्मिक तरीके से और दूसरा है कानूनी तरीके से।

मंदिर में जाकर धर्म परिवर्तन
मंदिर में किसी धर्मगुरु की मदद से हिंदू धर्म अपनाया जा सकता है। किसी धार्मिक अनुष्ठान, यज्ञ, गुरु दीक्षा जैसे कार्यक्रम के दौरान हिंदू धर्म अपनाया जा सकता है। मंदिर में आध्यात्मिक तरीके से कोई व्यक्ति हिंदू धर्म अपनाता है तो मंदिर में ही पुजारी या धर्मगुरु उसका शुद्धिकरण कराते हैं। फिर पूजा-पाठ करते हुए शख्स हिंदू धर्म में शामिल मान लिया जाता है। हालांकि ध्यान देने योग्य बात ये है कि यहां कानूनी प्रक्रिया पूरी कर लेना भी सही रहता है।

धर्म परिवर्तन का कानूनी तरीका
धर्म बदलने के लिए सबसे पहले आपको एक एफिडेविट यानी शपथ पत्र बनवाना होता है। इस एफिडेविट में आपका पूरा नाम, बदला हुआ नाम, बदला हुआ धर्म और अड्रेस वगैरह टाइप करवाया जाता है। इस एफिडेविट में आपको अपनी पहचान, एड्रेस प्रूफ वगैरह भी शामिल करना होता है। एफिडेविट कराने के बाद अपने धर्म परिवर्तन की जानकारी आपको किसी भी राष्ट्रीय दैनिक अखबार में प्रकाशित करवाना होगा।

गजट ऑफिस की प्रक्र‍िया
उपरोक्त प्रक्रिया से पहले आपको गजट ऑफिस में एक आवेदन करना होता है। जिला स्तर पर यह कार्यालय डीएम ऑफिस के अधीन होता है। इसमें सभी जरूरी डॉक्यूमेंट्स, फोटो वगैरह लगती है. आवेदन करने के बाद पूरी प्रक्रिया पूरी होने में 60 दिन का समय लग सकता है। आपका नया नाम, धर्म और अन्य डिटेल्स इस गजट में दर्ज की जाएगी। सारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जैसे ही गजट में बदला हुआ नाम आ जाता है तो आपका धर्म बदल गया।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी