अरविन्द केजरीवाल भारत की सबसे विवादित शख्सियत

विवादित बयान देकर सुर्खियों में रहना आम आदमी पार्टी के नेता अरविन्द केजरीवाल के लिए कोई नई बात नहीं है। दिल्ली के वोटरों से पैसा लेकर वोट देने की बात कहकर एक बार फिर वे विवादों में घिर गए हैं। भाजपा और कांग्रेस के नेता उनके बयान की तीखी आलोचना कर रही हैं। हालांकि भारत  के लोग भी उन्हें देश की सबसे विवादित शख्सियत मानते हैं। 
दरअसल, यह निष्कर्ष बेवबदुनिया में सर्वेक्षण-2014 में सामने आया है। जनवरी 2015 की शुरुआत में सात भाषाओं- हिन्दी, मराठी, गुजराती, तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम में कराए गए इस सर्वेक्षण में वेबदुनिया के पाठकों से पूछा गया था कि भारत की सबसे विवादित शख्सियत कौन है? इसमें दस विकल्प भी दिए गए थे। इस सर्वे में सर्वाधिक 24.49 फीसदी लोगों ने माना कि केजरीवाल भारत की सबसे ‍विवादित शख्सियत हैं। 
 
अदालत के खिलाफ टिप्पणी करने के बाद सलाखों के पीछे पहुंचे बाबा रामपाल को 20.66 फीसदी लोगों ने विवादित माना, जबकि उत्तर प्रदेश के मंत्री आजम खान विवादित शख्सियतों में तीसरे स्थान पर रहे है। उल्लेखनीय है कि आजम खान भी आए दिन विवादित बयान देकर सुर्खियों में बने रहते हैं। बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष एम श्रीनिवासन और हैदराबाद के ओवैसी बंधु इस सूची में क्रमश: चौथे और पांचवें स्थान पर रहे है। 
बिहार के मुख्‍यमंत्री भी कम विवादित बयान नहीं देते, लेकिन लोगों ने उनको कोई खास तवज्जो नहीं दी। वे इस सूची में सबसे नीचे यानी दसवें क्रम पर रहे, जबकि केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी छठे और इमाम बुखारी सातवें स्थान पर रहे।
 
और कौन है भारत की सबसे चर्चित महिला... पढ़ें अगले पेज पर....
 
 

अमेठी से कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव हारने के बावजूद केन्द्र में मानव संसाधन विकास मंत्री जैसा महत्वपूर्ण पद हासिल करने वाली 'सास भी कभी बहू थी' की तुलसी स्मृति ईरानी देश की सबसे चर्चित महिलाओं में शुमार हैं। स्मृति ईरानी को 28.34 फीसदी लोगों ने देश की सबसे चर्चित महिला माना। वेबदुनिया सर्वेक्षण की इस श्रेणी में उनका मुकाबला कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, तमिलनाडु की पूर्व मुख्‍यमंत्री जयललिता, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, पश्चिम बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी एवं अन्य शख्सियतों से था।
कांग्रेस की तरह सोनिया गांधी की लोकप्रियता भी घटी है। वे 18.16 फीसदी लोगों की पसंद बनीं, लेकिन दूसरे स्थान पर रहीं। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर मुख्‍यमंत्री पद गंवाने वाली तमिलनाडु की जयललिता तीसरे स्थान पर रहीं, जबकि मेरीकॉम, सुषमा स्वराज और ममता बनर्जी क्रमश: चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहीं। गुजरात की पहली महिला मुख्‍यमंत्री आनंदी बेन पटेल को मात्र 1.41 फीसदी लोगों ने पसंद किया। वे आखिरी स्थान पर रहीं। 

वेबदुनिया पर पढ़ें