शादी, हनीमून, हत्या और प्यार के जुनून में लिपटी सोनम रघुवंशी की हेट स्टोरी, पढ़िये 360 डिग्री कहानी

इंदौर के राजा रघुवंशी की मई में शादी हुई। हाथों से मेंहदी का रंग अभी उतरा भी नहीं था कि राजा की पत्‍नी सोनम ने पति की हत्‍या की साजिश रच डाली। इधर घरवाले शादी के बाद का हिसाब किताब कर रहे थे, उधर नई नवेली पत्‍नी सोनम पर भरोसा कर के राजा उसकी जिद पर हनीमून पर मेघालय चला गया। वहां पत्‍नी ने ऐसा धोखा दिया कि अपने कत्‍ल के 2 मिनट पहले तक भी राजा को यह पता नहीं चल सका कि अगले कुछ पलों में उसकी पत्‍नी सोनम उसे मौत के घाट उतार देगी। पति को बेरहमी से मारा और अधमरा खाई में फेंक दिया। हत्‍या के 11 दिन बाद 2 जून को राजा रघुवंशी का शव मिला और 9 जून को सोनम यूपी के गाजीपुर में जिंदा मिली। इसके बाद अब इस पूरे कांड में कई किरदार सामने आ गए हैं। जिसमें सोनम का प्रेमी राज कुशवाह है, जिसके लिए सोनम ने राजा की हत्‍या करवा दी। मामला शादी के पहले सोनम के अफेयर का भी है। इसमें अफेयर की बात छुपाने का झूठ भी शामिल है। सोनम और राजा के परिवारों के बीच रिश्‍ते और भरोसे और फिर उस भरोसे के टूटने का भी है।

शादी। हनीमून। धोखा और फिर हत्‍या। इंदौर के राजा रघुवंशी की हत्‍या और इस पूरे कांड में उनकी पत्‍नी सोनम रघुवंशी के मास्‍टरमाइंड होने की ये क्राइम थ्रिलर स्‍टोरी पिछले 18 दिनों से पूरे देश में ट्रेंड कर रही है। एक्‍स से लेकर फेसबुक तक और न्‍यूज पेपर से लेकर टीवी चैनल्‍स तक। कोई ऐसा मीडिया नहीं है, जहां प्‍यार, शादी धोखे और मर्डर की ये कहानी नजर नहीं आ रही है। अब इस पूरे कांड में कई परतें खुल रही हैं। हर घंटे में नए खुलासे हो रहे हैं। जानते हैं शुरू से लेकर अब तक इस हेट स्‍टोरी में कब कब क्‍या क्‍या हुआ।

सोनम राज का 5 महीने से था अफेयर : इंदौर पुलिस के मुताबिक सोनम रघुवंशी और राज कुशवाहा के बीच पांच महीने से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। राज ने कबूल किया कि सोनम से अफेयर चार से पांच महीने से था। पिता के हार्ट पेशेंट होने से सोनम लव मैरिज नहीं कर पा रही थी। पिता समाज में शादी करना चाहते थे इसलिए उसने राजा रघुवंशी से शादी को हां कर दी थी। दोनों परिवारों की मुलाकात समाज की परिचय पुस्तिका से हुई।

राजा को पसंद नहीं थी सोनम लेकिन : यह बात भी सामने आई कि राजा रघुवंशी को सोनम पसंद नहीं थी। वो उससे बात नहीं करती थी। राजा शादी से पहले उसके साथ घूमने-फिरने और मिलने जाना चाहता था, लेकिन वो मना कर देती थी। सगाई के बाद जब राजा, सोनम से बात करना चाहता, तो वह समय नहीं देती थी। राजा ने अपनी मां उमा देवी से कहा था कि वो सोनम से शादी नहीं करना चाहता है। सोनम उसमें इंटरेस्ट नहीं ले रही है। उमा देवी ने बताया कि राजा की इस बात पर उन्होंने सोनम से बात की थी, लेकिन उसका कहना था कि ऑफिस के काम की वजह से फोन पर बात नहीं कर सकी. हालांकि, बाद में दोनों के बीच बात होती रही।

सोनम के मां-बाप को थी अफेयर की जानकारी : सोनम 24 साल की है। घर वाले उसकी जल्दी शादी कराना चाहते थे क्योंकि उन्हें राज कुशवाह और सोनम के अफेयर की भनक थी। सोनम की मां ने इस बात की पुष्टि की है। राज कुशवाहा मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और इंदौर में सोनम के पिता की दुकान में काम करता था। कुछ समय पहले तक वह उसी मोहल्ले में किराए के घर पर रह रहा था। उसने सोनम के घर वालों का विश्वास जीत लिया था। जब सोनम के घरवालों ने राज के साथ सोनम को देखा तो वो भड़क गए उन्होंने सोनम और राज को समझाया। इसके बाद सोनम की शादी के लिए रिश्ते ढूंढ़ना शुरू हो गया था।

शादी के 3 दिन बाद बना लिया हत्‍या का प्‍लान : अपनी मर्जी के खिलाफ शादी करने के बाद सोनम ने महज 3 दिनों में ही अपने पति राजा रघुवंशी की हत्‍या की ठान ली। इंदौर क्राइम ब्रांच के सूत्रों की मानें तो सोनम ने ठान रखा था कि उसे राजा को मारना ही है। मेघालय पुलिस ने जब इंदौर के पकड़े गए आरोपियों से शुरुआती तफ्तीश के दौरान पूछताछ की तभी ये जानकारी निकलकर सामने आई। राजा और सोनम की 11 मई को शादी हुई। दोनों के परिवार बहुत खुश थे। 20 मई को दोनों हनीमून मनाने शिलांग गए। ये टिकट सोनम में खुद करवाए और मन नहीं होने के बावजूद राजा को मेघालय जाने के लिए मना लिया।

नहीं बनाए शारीरिक संबंध : हनीमून पर जाने के बावजूद सोनम राजा से दूर रही। सोनम ने राजा रघुवंशी से कहा था कि कामख्या मंदिर में दर्शन के बाद ही वे एक दूसरे के पास आएंगे। उसने मान रखने का बहाना बनाया और राजा को पहले कामख्या मंदिर और फिर मेघालय जाने के लिए मनाया। सोनम की जिद के चलते ही राजा रघुवंशी मेघालय जाने के लिए राजी हुआ।

ये था राजा की हत्‍या का प्‍लान बी : शादी के बाद 15 मई को सोनम अपने मायके आ गई थी। यहीं रहकर उसने अपने पति राजा के मर्डर की पूरी प्लानिंग की। प्रेमी के दोस्‍त विशाल, आनंद, आकाश को पैसे का लालच देकर पति की सुपारी दी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अगर हत्या के पहले प्लान में कामयाबी नहीं मिलती तो सोनम के पास दूसरा प्लान भी था। उसने अपने प्रेमी राज से कहा था कि उसके दोस्त (विशाल, आनंद, आकाश) अगर राजा को नहीं मार पाएंगे तो वो फोटो लेने के बहाने से राजा को पहाड़ से नीचे धक्का दे देगी। सोनम और राज ने यह योजना तक बना ली थी कि उनके कारनामे की भनक अगर किसी को लगी तो वो समय रहते नेपाल भाग जाएंगे।

विधवा हो जाऊं तो शादी कर लेना : सोनम ने अपने प्रेमी राज से कहा था-जब मैं विधवा हो जाऊंगी, तब मुझसे शादी कर लेना। क्‍योंकि उसके पिता ऐसे तो राज से उसकी शादी नहीं होने देंगे। ऐसे में विधवा होने की स्‍थिति में उन्‍हें शादी करने के लिए हां करना ही पडेगी। सोनम ने पहले ही तय कर लिया था कि शादी के बाद राजा को मारकर राज के साथ रहने लगेगी। सोनम ने राज से कहा था कि जब मैं विधवा हो जाऊंगी, फिर तुम मुझसे शादी कर लेना। तब मेरे परिवार वाले भी हमारी शादी के लिए मान जाएंगे।

राजा को नहीं हुई साजिश की भनक : राजा के परिजनों के मुताबिक वह बहुत ही सज्जन लड़का था। जब शादी हुई तो सोनम ने भी सारी रश्मों में खुश होकर हिस्सा लिया। राजा के घर पर भी सोनम एक सप्ताह से अधिक समय तक रही, लेकिन कभी परिवार वालों को शक नहीं हुआ कि वो एक बड़ी साजिश का शिकार हो रहे हैं। सोनम ने हनीमून पर जाने से पहले राजा के अकाउंट से बड़ी धनराशि निकलवा ली थी, जिसका उपयोग बाद में कांट्रेक्ट किलर को देने में किया गया।

कॉफी पिलाने की कोशिश : हत्‍या के पहले सोनम ने शिलांग में राजा को कॉफी पिलाने की कोशिश की। लेकिन उसने नहीं पी। यह बात राजा ने अपनी मां से भी शेयर की थी। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका कि उस काफी में जहर था या वो नॉर्मल कॉफी थी। लेकिन यह तय था कि राजा, सोनम पर पूरा भरोसा करने लगा था और उसे यह पता नहीं चल सका कि वो उसे मारने वाली है।

सोनम, विशाल, आनंद, आकाश ने की हत्‍या : आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 23 मई की दोपहर 1.30 बजे शिलांग के पर्यटन क्षेत्र में राजा की हत्या की गई। 23 मई को सोनम ने अपरा एकादशी व्रत किया था। यह बात उसने फोन पर अपनी सास को भी बताई थी। एक धारदार हथियार से उसकी हत्‍या की गई। पहले आरोपी तैयार नहीं हुए तो सोनम ने राजा के पर्स से 15 हजार रुपए निकाल कर दिए और लाखों रुपए और देने की बात कहकर राजा को हथियार से कटवा दिया। राजा की हत्‍या सोनम की आंखों के सामने हुई। यहां तक कि उसे खाई में फेंकने के लिए खुद सोनम ने धक्‍का दिया। इंदौर के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडौतिया के मुताबिक शिलांग व इंदौर पुलिस की संयुक्त पूछताछ में ऐसे कई खुलासे हुए हैं।

अपरा एकादशी व्रत वाले दिन हत्या : आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 23 मई की दोपहर 1.30 बजे राजा की हत्या की गई। 23 मई को सोनम ने अपरा एकादशी व्रत किया था। यह बात उसने फोन पर अपनी सास को भी बताई थी। यह रिकॉर्डिंग वायरल है।


हत्‍या के बाद सोनम लापता, गाजीपुर में मिली : राजा की हत्‍या के बाद सोनम गायब हो गई। उसे मृत मानकर सर्चिंग जारी रही। लेकिन वो मेघालय से बिहार होते हुए यूपी के गाजीपुर पहुंच गई। कहा जा रहा है कि वो इस बीच इंदौर भी आई और बनारस भी गई। वहां से गाजीपुर पहुंची और एक ढाबे पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। इधर कॉल डिटेल के आधार पर शिलांग और इंदौर पुलिस ने राज कुशवाह और उसके दोस्‍त विशाल, आनंद और आकाश को गिरफ्तार किया। हालांकि सोनम का प्रेमी राज शिलांग नहीं गया, वो इंदौर से ही सोनम और हत्‍यारों के संपर्क में रहा और उन्‍हें डायरेक्‍ट करता रहा। अब सभी आरोपी पुलिस गिरफ्त में हैं।

क्‍या राजा की संपत्ति पर थी सोनम की निगाह : देश के एक प्रतिष्ठित मीडिया हाउस ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि सोनम का हाल ही में प्रग्नेंसी टेस्ट किया गया है। हालांकि, डाक्टरों का कहना है कि पहली बार में टेस्ट के रिजल्ट सटीक नहीं आते। ऐसे में सोनम का अल्ट्रासाउंड होगा। लेकिन यदि सोनम प्रेग्नेंट हुई तो राजा के डीएनए से भी उसका मिलान हो सकता है। ऐसा हुआ तो इस बात की पुष्टि हो सकती है कि सोनम की नजर राजा रघुवंशी की संपत्ति पर भी थी। दरअसल, राजा इंदौर के प्रतिष्ठित ट्रांसपोर्ट कारोबारी का बेटा था। परिवार के नाम पर करोड़ों रु की संपित्त है। ऐसे में सोनम चाहती थी कि राजा के मर्डर को वह एक दुर्घटना साबित कर देगी और परिवार की बहू होने के नाते संपत्ति पर भी अधिकर जता सकेगी।

शादी, हनीमून और हत्‍या, कब, क्‍या हुआ
11 मई : राजा रघुवंशी और सोनम की शादी हुई।
20 मई : दोनों हनीमून मनाने शिलांग गए।
22 मई : शिलांग में किराए पर एक्टिवा हायर की।
23 मई : किराए पर ली गई स्‍कूटी लावारिस मिली।
24 मई : दोनों के मोबाइल बंद आने लगे। संपर्क टूटा। 
27 मई : सीएम मोहन यादव ने मेघालय के सीएम से बात की।
27 मई : सर्चिग में दो बैग पहाड़ी पर एक्टिवा के पास मिले।
2 जून : राजा का शव गहरी खाई में मिला, हत्या की पुष्टि।
3 जून : पोस्‍टमार्टम: राजा की हत्या पेड़ काटने हथियार से की।
4 जून : राजा का शव इंदौर लाया गया।
5 जून : शिलांग के होटल से दोनों के वीडियो सामने आए।
7 जून : सीसीटीवी फुटेज में सोनम की संदिग्ध मिली।
9 जून : गाजीपुर के एक ढाबे से सोनम गिरफ्तार।
10 जून : सोनम, प्रेमी राज समेत 3 आरोपियों को शिलांग पुलिस मेघालय ले गई।
11 जून : आरोपियों को शिलांग की कोर्ट में पेश किया गया।
11 जून : सोनम ने मेघालय पुलिस के सामने हत्‍या की बात कबूल।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी