गुजरात में चुनावी विजय पर बोले राजनाथ, पीएम मोदी में है जनता को विश्वास

गुरुवार, 8 दिसंबर 2022 (15:00 IST)
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने गुजरात विधानसभा चुनाव में पार्टी के ऐतिहासिक प्रदर्शन का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता और उनकी साख को दिया। भाजपा गुजरात में लगातार 7वीं बार ऐतिहासिक जीत की ओर अग्रसर है और राज्य में किसी विधानसभा चुनाव में सर्वाधिक सीटें जीतकर पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ सकती है।
 
सिंह ने ट्वीट किया कि गुजरात में भाजपा की 'ऐतिहासिक विजय' विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए पार्टी की प्रतिबद्धता की जीत है और इस जीत का सबसे बड़ा श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनता का भरोसा, उनकी लोकप्रियता और साख को जाता है। उन्हें बधाई और जनता का आभार।
 
सिंह ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह पटेल और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल को भी राज्य में भाजपा के प्रदर्शन के लिए बधाई देते कहा कि इन सभी नेताओं के अथक परिश्रम के कारण भाजपा ने सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया इतिहास रचा है। मतगणना के रुझान में भारी बढ़त के साथ भाजपा 182 सीटों में से 11 पर जीत हासिल कर चुकी है और 145 पर आगे चल रही है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी