विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया कांग्रेस के साथ, खरगे बोले चक दे इंडिया, चक दे हरियाणा!

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शुक्रवार, 6 सितम्बर 2024 (15:20 IST)
Haryana election : पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। दोनों पहलवानों से मुलाकात के बाद पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में कहा चक दे इंडिया, चक दे हरियाणा! ALSO READ: Haryana Elections 2024: BJP में इस्तीफों की झड़ी, 250 नेताओं ने दिया पार्टी से इस्तीफा
 
विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की और इसके बाद दोनों कांग्रेस में शामिल हो गए। खरगे से पहलवानों की मुलाकात के दौरान पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल भी उपस्थित थे। इसके बाद वेणुगोपाल ने दोनों को पार्टी मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता दिलाई।
 
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने मुलाकात के बाद एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा, चक दे इंडिया, चक दे हरियाणा! दुनिया में भारत का नाम रौशन करने वाले हमारे प्रतिभाशाली चैंपियन विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया से 10 राजाजी मार्ग पर मुलाकात। हमें आप दोनों पर गर्व है। 
 
बजरंग पूनिया टोक्यो ओलंपिक खेलों के कांस्य पदक विजेता हैं, जबकि विनेश फोगाट ओलंपिक फाइनल में पहुंचने वाली पहली महिला पहलवान बनीं। हालांकि उन्हें 50 किलोग्राम वर्ग के वजन में लगभग 100 ग्राम वजन अधिक पाए जाने के बाद अयोग्य घोषित कर दिया गया था। बाद में उन्होंने खेल से संन्यास की घोषणा की।
 
भारत लौटने के बाद विनेश बजरंग पुनिया के साथ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मिलने पहुंची थी। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर फोगाट और पुनिया के साथ राहुल गांधी की तस्वीर शेयर की।
 
पूनिया और फोगाट 2023 में भाजपा के पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के तत्कालीन प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन का हिस्सा थे। हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों पर 5 अक्टूबर को मतदान होगा और वोटों की गिनती 8 अक्टूबर को होगी। 
Edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी